एजेंसी न्यूज

केन्द्र सरकार ने अपने 50 प्रतिशत कनिष्ठ कर्मचारियों से कार्यालय आने को कहा

कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन के कारण अभी तक इस श्रेणी में आने वाले महज 33 प्रतिशत कर्मचारियों को कार्यालय आने के लिए कहा गया था।

केन्द्र सरकार ने अपने 50 प्रतिशत कनिष्ठ कर्मचारियों से कार्यालय आने को कहा
जमात

नयी दिल्ली, 18 मई केन्द्र ने सोमवार को उपसचिव स्तर से नीचे के अपने 50 प्रतिशत कनिष्ठ कर्मचारियों से कार्यालय आने को कहा।

कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन के कारण अभी तक इस श्रेणी में आने वाले महज 33 प्रतिशत कर्मचारियों को कार्यालय आने के लिए कहा गया था।

आदेश में कहा गया है, ‘‘उपसचिव स्तर से नीचे के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति का नियमन करने के लिए सभी विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि वे एक रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) तैयार करें ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि 50 प्रतिशत अधिकारी और कर्मचारी एक दिन के अंतराल में कार्यालय आएं।’’

कार्मिक मंत्रालय द्वारा केन्द्र सरकार के सभी विभागों को भेजे गए आदेश की प्रति में कहा गया है कि जिन 50 प्रतिशत अधिकारियों और कर्मचारियों को एक दिन कार्यालय नहीं आना है, वे घर से काम करें और हर समय टेलीफोन तथा संपर्क के अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों पर उपलब्ध रहें।

उसमें कहा गया है कि उपसचिव स्तर और उनसे वरिष्ठ स्तर के सभी अधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस पर कार्यालय आएं।

कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि सभी विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि वे सुनिश्चित करें कि जो 50 प्रतिशत अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय आ रहे हैं, वे सभी अलग-अलग समय पर दफ्तर पहुंचें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 09:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).