देश की खबरें | ‘बम’ तो माकपा में है, न कि हमारी पार्टी में : कांग्रेस ने केरल में कहा

तिरुवनंतपुरम, छह फरवरी केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बताए जाने के संदर्भ में ‘बम’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को पलटवार करते हुए कहा कि ‘‘बम तो मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) में है।’’

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की केरल इकाई पर बुधवार को परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा था कि चेन्निथला को केरल का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जो चर्चाएं की जा रही हैं, वे बम की तरह हैं और यह कांग्रेस में बड़ी समस्याएं पैदा कर देगा।

तिरुवनंतपुरम में उद्योगपति बी. रवि पिल्लई के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और इसमें विजयन भी शामिल हुए थे। एक व्यक्ति ने कार्यक्रम में भाषण के दौरान चेन्निथला को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में संदर्भित किया था।

केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन ने माकपा के दिग्गज नेता की टिप्पणी को बृहस्पतिवार को दरकिनार करते हुए कहा कि कांग्रेस में उनके सहित कोई भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं है।

सतीशन ने विजयन पर पलटवार करते हुए माकपा के भीतर मौजूद ‘‘गुटबाजी’’ का जिक्र किया और कहा कि विजयन को इस तरह के मजाक करने से बचना चाहिए क्योंकि सभी जानते हैं कि 2006 के विधानसभा चुनावों के दौरान वरिष्ठ नेता वी. एस. अच्युतानंदन को टिकट न देने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद उन्हें टिकट के लिए पोलित ब्यूरो से संपर्क करना पड़ा था।

उन्होंने दावा किया कि विजयन ने 2011 में वाम दलों को सरकार बनाने से रोक दिया था क्योंकि उन्हें लगा था कि अच्युतानंदन मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उस दौरान विजयन माकपा के राज्य सचिव थे।

चेन्निथला ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है और सभी लोग एकजुट होकर राज्य में आगामी पंचायत चुनाव पर ध्यान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी में कोई बम नहीं है। बम तो माकपा में है। मुख्यमंत्री को इस बात की चिंता करनी चाहिए कि बम कब फटेगा।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में विजयन की टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया इसलिए नहीं दी थी क्योंकि वह कार्यक्रम की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)