ब्रह्मपुर (ओडिशा), 29 मई ओडिशा के तीन मेडिकल कॉलेजों में सेवा दे चुके 94 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रोफेसर का पार्थिव शरीर बुधवार को यहां सरकारी एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया गया।
सेवानिवृत्त चिकित्सक प्रफुल्ल चंद्र साहू का शरीर और आंखें उनके बेटों लालतेन्दु साहू और बिभुदेन्दु साहू ने उनके रिश्तेदारों और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को दान कर दीं।
लालतेन्दु साहू ने कहा, ‘‘उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, हमने उनकी आंखें और शरीर मेडिकल कॉलेज को दान करने का फैसला किया।’’ लालतेन्दु ने कहा कि शरीर दान करने से पहले उनके पिता की आंखें मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग को दान कर दी गईं।
प्रफुल्ल चंद्र साहू ने 30 जुलाई 2019 को अपना शरीर दान करने का संकल्प लिया और इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग को एक पत्र दिया।
मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग के प्रोफेसर सागर प्रुस्ती ने कहा, ‘‘यह शरीर छात्रों को विभाग में उनकी पढ़ाई और शोध के लिए मददगार होगा।’’
चिकित्सा के प्रोफेसर साहू ने अपने सेवाकाल के दौरान ब्रह्मपुर, कटक और बुर्ला में तीन सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दीं।
इस साल मेडिकल कॉलेज में यह पांचवां और पिछले 12 वर्षों में 34वां शवदान था। प्रुस्ती ने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि अधिक से अधिक लोग अपनी मृत्यु के बाद शव दान करने के लिए आगे आ रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY