सहारनपुर (उप्र), 22 जुलाई सहारनपुर जिले के देवबंद इलाके में सोमवार शाम बरसाती नदी के तेज बहाव में बह गए दो नाबालिग लड़कों के शव करीब 16 घंटे बाद मंगलवार को बरामद कर लिये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) सागर जैन ने बताया कि देवबंद के बचीटी निवासी शाहरूख का बेटा वाजिद (13) और अरशद पुत्र अजीम (12) सोमवार शाम स्कूल की छुट्टी होने के बाद जंगल की ओर चले गये थे ,जहां अचानक दोनों का पैर फिसल गया और दोनों बरसाती नदी के तेज बहाव में बह गये।
उनके मुताबिक, दोनों लड़के जब घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि लड़कों को जंगल की ओर जाते हुए देखा गया था।
यह जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी युवराज सिंह, तहसीलदार विजय सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत पराशर मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों की तलाश शुरू की गई।
जैन ने बताया कि करीब 16 घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों के शव बरामद कर लिये गये।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY