देश की खबरें | पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये महाराष्ट्र के छह पर्यटकों के शव वापस लाये जा रहेः मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई, 23 अप्रैल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 पर्यटकों में से छह महाराष्ट्र के निवासी थे और उनकी पार्थिव देह वापस लायी जा रही है।

गृह मंत्रालय का भी प्रभार संभालने वाले फडणवीस ने बताया कि उन्होंने राज्य के पर्यटकों के शवों को लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी मंत्रियों को सौंपी है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार दोपहर को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया। उन्होंने बताया कि आतंकी हमले में मारे गये 26 लोगों में से छह महाराष्ट्र के निवासी हैं।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में फडणवीस ने कहा कि संजय लेले और दिलीप डिसले के शवों को श्रीनगर से एअर इंडिया के विमान से मुंबई लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, "विमान दोपहर सवा 12 बजे श्रीनगर से रवाना होगा। कौस्तुभ गणवते और संतोष जगदाले के पार्थिव शरीर को शाम छह बजे रवाना होने वाली उड़ान से पुणे लाया जाएगा। हेमंत जोशी और अतुल मोने के पार्थिव शरीर को मुंबई लेकर आने वाली उड़ान अपराह्न सवा एक बजे श्रीनगर से रवाना होगी।"

उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और मंगलप्रभात लोढ़ा समन्वय के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर मौजूद रहेंगे, जबकि मंत्री माधुरी मिसाल को पुणे में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एक अन्य कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में मौजूद महाराष्ट्र के अन्य पर्यटकों को भी वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

इस बीच, पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने कहा कि प्रशासन मृत पर्यटकों कौस्तुभ गणबोटे और संतोष जगदाले के अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवारों के साथ समन्वय कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में पुणे शहर और आसपास के क्षेत्रों से कुल 264 पर्यटक जम्मू-कश्मीर गए थे और उनमें से कई वर्तमान में केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं।

डूडी ने कहा, "हमले में घायल हुए कुछ पर्यटक (पुणे निवासी) जम्मू-कश्मीर के अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। हम उनके संपर्क में हैं और उन्हें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि वहां अटके हुए पर्यटकों को विशेष विमानों से वापस लाने के प्रयास जारी हैं।

जिलाधिकारी ने कहा, "हम उनकी वापसी के वास्ते विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने के लिए पुणे के लोकसभा सांसद और केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल से बातचीत कर रहे हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)