एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | बल्लेबाज फिर हुए फ्लॉप, भारत को हराकर इंग्लैंड ने श्रृंखला में वापसी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण भारत को मंगलवार को तीसरे टी20 मैच में इंग्लैंड के हाथों 26 रन से पराजय का सामना करना पड़ा हालांकि पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम अभी भी 2 . 1 से आगे है ।

खेल की खबरें | बल्लेबाज फिर हुए फ्लॉप, भारत को हराकर इंग्लैंड ने श्रृंखला में वापसी की

राजकोट, 28 जनवरी अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण भारत को मंगलवार को तीसरे टी20 मैच में इंग्लैंड के हाथों 26 रन से पराजय का सामना करना पड़ा हालांकि पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम अभी भी 2 . 1 से आगे है ।

जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम नौ विकेट पर 145 रन ही बना सकी । हार्दिक पंड्या ने सर्वाधिक 40 रन बनाये लेकिन इसके लिये उन्होंने 35 गेंद खेल डाली ।

इंग्लैंड के लिये पावरप्ले में जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड प्रभावी रहे तो बीच के ओवरों में लेग स्पिनर आदिल रशीद ने दबाव बनाया ।

पहले दो मैच में आर्चर के सामने सहज होकर नहीं खेल सके संजू सैमसन छह गेंद में तीन रन बनाकर फिर इसी गेंदबाज का शिकार हुए । सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 14 गेंद में 25 रन बनाये लेकिन ब्रायडन कार्स ने उन्हें पवेलियन भेजा ।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सात गेंद में 14 रन बनाये और वह वुड की गेंद पर गलत शॉट खेलकर एक बार फिर सस्ते में विकेट गंवा बैठे । फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा उस लय को कायम नहीं रख सके और रशीद की गेंद सीधे उनके स्टम्प पर लगी ।

इससे पहले मोहम्मद शमी ने 14 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की लेकिन वरूण चक्रवर्ती ने फिरकी का जादू बिखेरते हुए पांच विकेट लिये जिसकी मदद से भारत ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 171 रन पर रोक दिया ।

बेन डकेट (28 गेंद में 51 रन) के आक्रामक अर्धशतक के बाद इंग्लैंड की टीम ने लय खो दी और सपाट विकेट पर चक्रवर्ती ने उसे एक के बाद एक झटके दिये ।

एक समय इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 83 रन था जो आठ विकेट पर 127 रन हो गया । लियाम लिविंगस्टोन ने 24 गेंद में 43 रन बनाकर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया ।

चक्रवर्ती ने टी20 क्रिकेट में दूसरी बार पारी के पांच विकेट लिये जब उन्होंने जोफ्रा आर्चर को गुगली पर बोल्ड किया ।

रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 46 रन देकर एक विकेट लिये जबकि चक्रवर्ती ने चार ओवर में 24 रन देकर पांच विकेट चटकाये । अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया ।

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर इंग्लैंड ने अच्छी शुरूआत की । इस श्रृंखला में भारतीय स्पिनरों को खेल पाने में नाकाम रहे इंग्लैंड के लिये डकेट ने कुछ शानदार स्ट्रोक्स लगाये और टी20 क्रिकेट में दूसरा अर्धशतक पूरा किया । उन्होंने कप्तान जोस बटलर (22 गेंद में 24 रन) के साथ 76 रन की साझेदारी की । उन्होंने शमी को दूसरे ओवर में विकेटकीपर के सिर के ऊपर से स्कूप शॉट खेलकर चौका जड़ा ।

इससे पहले शमी ने नवंबर 2023 में वनडे विश्व कप फाइनल के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की । अंतिम एकादश में एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के रूप में अर्शदीप सिंह की जगह लेने वाले शमी ने पहला ओवर डाला ।

उन्होंने पहले स्पैल में दो ओवर में 15 रन दिये और 19वें ओवर में वापसी करके 11 रन दिये । उन्होंने 140 किमी की रफ्तार से गेंद डालकर अपनी फिटनेस को लेकर चिंताओं को दूर किया ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2025 10:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).