नयी दिल्ली, 19 जुलाई राष्ट्रपति चुनाव में मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मतपेटियां मंगलवार को संसद परिसर में बने स्ट्रांगरूम में पहुंच गई हैं।
मणिपुर की टीम ने मंगलवार रात आठ बजे मतपेटी जमा की। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा सहित सभी 30 मतदान केंद्र से मतपेटियां संसद भवन पहुंच चुकी हैं।
मतों की गिनती 21 जुलाई की सुबह शुरू होगी जिससे तय होगा कि देश का अगला राष्ट्रपति कौन बनेगा।
इस चुनाव में केवल निर्वाचित सांसद और विधायक ही मतदान कर सकते हैं। इसलिए मतदान राज्य विधानसभा में भी कराया जाता है, लेकिन मतों की गिनती राष्ट्रीय राजधानी में होगी।
दिल्ली विधानसभा से मतपेटी सोमवार देर रात संसद भवन के स्ट्रांगरूम में पहुंच चुकी थी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रत्येक मतपेटी को ‘मिस्टर बैलेट बॉक्स’ के नाम से हवाई-टिकट जारी किया जाता है। प्रत्येक राज्य से संबंधित सहायक पीठासीन अधिकारी की देखरेख में ‘मिस्टर बैलेट बॉक्स’ विमान की अगली कतार की सीट पर रख कर लाई जाती है।
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को एक तस्वीर जारी की थी जिसमें सीलबंद मतपेटी विमान में सहायक पीठासीन अधिकारी की देखरेख में लाई जा रही थी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रत्येक मतपेटी को ‘मिस्टर बैलेट बॉक्स’ के नाम से एक ई-टिकट जारी किया जाता है।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि सोमवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच संसद भवन और राज्य विधानसभाओं के 30 केंद्रों सहित 31 स्थानों पर मतदान हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY