देश की खबरें | बूथ स्तर तक की सक्रियता से भाजपा के पक्ष में बना माहौल परिणाम में तब्दील होगा: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर, बांसगांव व संत कबीर नगर लोकसभा के लिए भाजपा की चुनाव संचालन समितियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में चुनाव जीतने का मंत्र दिया।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर, बांसगांव व संत कबीर नगर लोकसभा के लिए भाजपा की चुनाव संचालन समितियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में चुनाव जीतने का मंत्र दिया।
गोकुल अतिथि भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव संचालन समिति के लोगों से कहा कि इस समय पूरे देश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव का परिणाम भी इसी के अनुरूप आएगा, लेकिन बूथ स्तर तक सक्रियता, तत्परता और सजगता की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, परिणाम भी उतना ही जबरदस्त आएगा। बूथ को जीतना ही चुनाव जीतने का सबसे कारगर फॉर्मूला है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी और इसमें तनिक भी संदेह नहीं है, पर चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए। उन्होंने अति आत्मविश्वास से बचते हुए कार्य करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि सिर्फ आंकड़ों पर विश्वास करके निश्चिंत नहीं बैठना है बल्कि लोकसभा चुनाव में वोट और बूथ केंद्रित व्यवस्था पर अधिक ध्यान देना है। बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और सामाजिक टोली भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं। बूथ समिति के पास संबंधित बूथ के एक-एक वोटर का ब्योरा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निरंतर जनसंपर्क की जिम्मेदारी सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी उठानी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक, अधिवक्ता, अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक, व्यापारी, सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठन, सबसे मिलना है और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताकर फिर एक बार मोदी सरकार के नारे को साकार करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर पूरी ताकत झोंक दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में महिला मोर्चा के पास भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी आधी आबादी के बीच जाकर सघन जनसंपर्क करें और उन्हें मोदी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर हुए अभूतपूर्व कार्यों से रूबरू कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला मोर्चा आधी आबादी को मतदान के दिन बूथ तक पहुंचने और कमल निशान का बटन दबाने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर युवाओं के बीच जाने के लिए भाजयुमो की टीम को लगाया जाए। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने की। इस अवसर पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, संतकबीरनगर के सांसद प्रवीण निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, तीनों लोकसभा प्रभारी, संयोजक, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, सभी विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी आदि मौजूद रहे।
सं जफर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2024 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

