एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सेना ने जम्मू में नियंत्रण रेखा के समीप एक पैंगोलिन को बचाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू के अखनूर सेक्टर में सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक पैंगोलिन को बचाया, जबकि राजौरी जिले के एक गांव में घुस आए एक तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | सेना ने जम्मू में नियंत्रण रेखा के समीप एक पैंगोलिन को बचाया

जम्मू, 12 जुलाई जम्मू के अखनूर सेक्टर में सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक पैंगोलिन को बचाया, जबकि राजौरी जिले के एक गांव में घुस आए एक तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समझा जा रहा है कि पैंगोलिन नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में घुस आया था जिसे शनिवार सुबह अखनूर सेक्टर के एक अग्रिम गांव में सेना के गश्ती दल ने देखा।

उन्होंने बताया कि इस जानवर को सैनिकों ने बचा लिया और वन्यजीव विभाग को सौंप दिया, जिसने उसे जांच एवं निरीक्षण के लिए मांडा बचाव केंद्र पहुंचा दिया।

पैंगोलिन ज्यादातर निशाचर और शर्मीले होते हैं तथा नदी किनारे के नमी वाले क्षेत्रों में पाये जाते हैं। वे बिल खोदकर चींटियों और दीमकों को खाने के लिए जाने जाते हैं। जम्मू-कश्मीर में, इन्हें आमतौर पर राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती इलाकों में देखा जाता है।

अधिकारियों ने कहा कि एक अलग घटना में राजौरी के कालाकोट उप-मंडल में काकुगाला गांव के दूरदराज के सिम्बल गली से एक मादा तेंदुए को बचाया गया।

उन्होंने बताया कि संभवत: बीमार तेंदुआ गांव में घूमता हुआ पाया गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण विभाग की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जानवर को बेहोश कर इलाज के लिए पशु चिकित्सालय ले गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).