ताजा खबरें | राम मंदिर पर 'बाबरी ताला' लगाने का आरोप 'सरासर झूठ', न्यायालय के फैसले का सम्मान : प्रियंका
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस के सत्ता में आने पर अयोध्या के राम मंदिर में 'बाबरी ताला' लगा दिये जाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आरोप को 'सरासर झूठ' करार देते हुए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी कई बार कह चुकी है कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करती है।
रायबरेली (उप्र), नौ मई कांग्रेस के सत्ता में आने पर अयोध्या के राम मंदिर में 'बाबरी ताला' लगा दिये जाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आरोप को 'सरासर झूठ' करार देते हुए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी कई बार कह चुकी है कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करती है।
रायबरेली में अपने भाई और कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के पक्ष में प्रचार कर रही प्रियंका ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में 'बाबरी ताले' को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा लगाये गये आरोप के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''यह सरासर झूठ है। कांग्रेस पार्टी ने कई बार कहा है कि वह (राम जन्म भूमि—बाबरी मस्जिद मामले में) अदालत के फैसले का सम्मान करेगी। हमने (अतीत में) ऐसा किया है और भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।''
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के धार में कहा था कि वह चाहते हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन मौजूदा लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीते ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कांग्रेस कश्मीर में अनुच्छेद 370 वापस नहीं लाये और अयोध्या में राम मंदिर पर 'बाबरी ताला' ना लगाये।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बुधवार को उत्तर प्रदेश में अपनी रैलियों में 'बाबरी' ताले की बात कही थी।
कांग्रेस पर उद्योगपति गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के साथ साठगांठ के प्रधानमंत्री के आरोप पर प्रियंका ने कहा, ''देखिए, ऐसा लगता है कि मोदी जी को भी नाम लेने के लिए मजबूर किया गया है। वह जो कह रहे हैं कि राहुल जी ने उनका (अडाणी और अंबानी) नाम लेना बंद कर दिया है, यह बिल्कुल गलत है। राहुल जी रोज—रोज तो नाम ले रहे हैं।''
मोदी ने बुधवार को हैदराबाद के वेमुलावाड़ा में एक चुनावी रैली में कहा था, ‘‘आपने देखा होगा कि कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए) पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरु करते थे। लेकिन जब से उनका राफेल वाला मामला ग्राउंडड हो गया तब से एक नई माला जपना शुरु किया। पांच साल से एक ही माला जपते थे। पांच उद्योगपति... फिर धीरे-धीरे कहने लगे... अंबानी, अडाणी... पांच साल से... लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है इन्होंने अंबानी अडाणी को गाली देना बंद कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जरा ये शहजादे घोषित करें कि इस चुनाव में अंबानी अडाणी से कितना माल उठाया है? काले धन के कितने बोरे भर के रुपये मारे हैं? क्या टेम्पो भर के नोट कांग्रेस के लिए पहुंचे हैं क्या? क्या सौदा हुआ है कि आपने रातों-रात अंबानी, अडाणी को गाली देना बंद कर दिया? जरूर दाल में कुछ काला है।’’
कांग्रेस मोदी सरकार पर हमला करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर व्यवसायी गौतम अडानी और मुकेश अंबानी सहित देश के शीर्ष पांच उद्योगपतियों का पक्ष लेने का आरोप लगाती रही है।
कांग्रेस के चुनाव घोषणापत्र को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों पर प्रियंका ने कहा, ''उन्हें मेरी सलाह है। हालांकि वह प्रधानमंत्री हैं, वह मुझसे बड़े हैं...लेकिन मेरी सलाह है कि उन्हें पहले (कांग्रेस का) घोषणापत्र पढ़ना चाहिए और फिर उस पर टिप्पणी करनी चाहिए। उन्होंने पढ़ा नहीं है। जो उनके मन में आता है, कह देते हैं कि इसमें ये लिखा है। ये सारी चीजें जो वह बोल रहे हैं, वो (घोषणापत्र में) लिखी ही नहीं हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2024 02:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

