एजेंसी न्यूज

थरूर ने की वीडियो कांफ्रेस के जरिये संसदीय समितियों की बैठक की पैरवी, कनाड़ा का दिया उदाहरण

सूचना प्रौद्योगिकी विषय पर संसदीय समिति के अध्यक्ष थरूर ने इस माह के प्रारंभ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने संसदीय समितियों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठकों की इजाजत देने की मांग दोहरायी थी।

थरूर ने की वीडियो कांफ्रेस के जरिये संसदीय समितियों की बैठक की पैरवी, कनाड़ा का दिया उदाहरण
जमात

नयी दिल्ली, 18 मई वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संसदीय समिति की बैठक की इजाजत देने की पैरवी कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को इस बात पर अफसोस प्रकट किया कि कनाडा की संसद की वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठकें हो रही हैं जबकि भारतीय संसद इसके जरिये समिति की बैठकों की भी मंजूरी नहीं दे रही।

सूचना प्रौद्योगिकी विषय पर संसदीय समिति के अध्यक्ष थरूर ने इस माह के प्रारंभ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने संसदीय समितियों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठकों की इजाजत देने की मांग दोहरायी थी।

कनाडा का उदाहरण देते थरूर ने ट्वीट किया,‘‘ कनाडा की संसद आभासी रूप से बैठक करती है लेकिन भारत की संसद छोटी संख्या वाली संसदीय समितियों की बैठकों की भी इजाजत नहीं देती है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ चूंकि गोपनीयता संभवत: समितियों का मुद्दा है, तो फिर संसद की बैठक क्यों बुलायी जाती है, जिसकी कार्यवाही टेलीविजन पर प्रसारित की जाती है।’’

कोरोना वायरस महामारी के दौरान कनाडा की संसद तकनीक (वीडियो कांफ्रेंस) की मदद से चल रही है। हर मंगलवार और बृहस्पतिवार को 338 कनाडाई सांसद प्रश्नकाल के दौरान मंत्रियों से प्रश्न पूछने के लिए अपने घर से जूम एप पर लॉग इन हो जाते हैं।

बिरला को लिखे पत्र में थरूर ने कहा था कि अपने निर्वाचन क्षेत्रों के माध्यम से सांसदों की राष्ट्र के प्रति एक जिम्मेदारी है कि वे यह सुनिश्चित करें कि यथाक्षमता अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 06:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).