देश की खबरें | ठाणे पुलिस की वेबसाइट हैक, बाद में बहाल की गई

ठाणे (महाराष्ट्र), 14 जून महाराष्ट्र में ठाणे पुलिस की वेबसाइट मंगलवार को हैक कर ली गई और उस पर ‘‘पूरी दुनिया में’’ मुसलमानों से माफी मांगने की मांग करते हुए एक संदेश ‘अपलोड’ किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई भारतीय वेबसाइट को हैक किया गया है और ऐसा प्रतीत होता है कि इन हमलों की शुरुआत इंडोनेशिया और मलेशिया में हुई थी।

उन्होंने कहा कि ठाणे पुलिस की वेबसाइट दोपहर तक बहाल कर दी गई। उन्होंने कहा कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पोर्टल पर मंगलवार सुबह जो संदेश आया, उसमें लिखा था, ‘‘एक ‘हैट साइबर टीम’ द्वारा वेबसाइट हैक की गई।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘नमस्कार भारत सरकार, सभी को नमस्कार। बार-बार आप इस्लामी धर्म को लेकर समस्या खड़ी कर रहे हैं... जल्दी दुनियाभर के मुसलमानों से माफी मांगें। हमारे पैगंबर के अपमान को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सुबह लगभग साढ़े आठ बजे इसे देखा और उसके बाद ठाणे पुलिस की साइबर टीम ने छह घंटे से अधिक समय तक इस पर काम किया और वेबसाइट को बहाल किया।

उन्होंने बताया कि हैकिंग तड़के लगभग चार बजे हुई।

महाराष्ट्र साइबर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मधुकर पांडे ने बताया कि उन्होंने साइबर खतरों से निपटने के लिए भारत सरकार की नोडल एजेंसी सीईआरटी-इन (इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम) और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) को इस घटना के बारे में सूचित किया है।

पांडे ने कहा, ‘‘हम राष्ट्रीय सूचना अवसंरचना संरक्षण केंद्र के साथ भी समन्वय कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न स्थानों पर ‘‘हाल में हुई सांप्रदायिक प्रकृति की घटनाओं’’ के बाद, कुछ हैकर समूहों ने भारतीय वेबसाइट को हैक करने का आह्वान किया था।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

भाजपा और भारत सरकार ने हालांकि इन टिप्पणियों की निंदा की है।

पांडे के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वेबसाइट को हैक करने के पीछे मलेशिया और इंडोनेशिया के हैकर शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)