ठाकरे ने 143 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की, एक भी कार के मालिक नहीं
ठाकरे पर कर्ज समेत 15.50 करोड़ रुपये की देनदारियां भी हैं।
मुंबई, 11 मई पहली बार चुनाव लड़ रहे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घोषित किया है कि उनके और उनके परिवार के पास 143.26 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। हालांकि वह किसी कार के मालिक नहीं हैं।
ठाकरे पर कर्ज समेत 15.50 करोड़ रुपये की देनदारियां भी हैं।
भारत निर्वाचन आयोग को सोमवार को दिए चुनाव हलफनामे में ठाकरे ने अपनी संपत्ति और आय के स्रोतों के बारे में बताया है।
हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी रश्मि की आमदनी विभिन्न कारोबारों से होती है। वह शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' की संपादक भी हैं।
ठाकरे ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास कोई कार नहीं है।
उनके खिलाफ पुलिस में 23 शिकायतें दर्ज हैं जिनमें से 14 'सामना' और 'दोपहर का सामना' में 'मानहानिकारक' सामग्री या कार्टून से संबंधित हैं।
उन्होंने अपने दोनों को बेटों को उनपर निर्भर नहीं बताया है। लिहाजा हलफनामे में उनकी संपत्ति और देनदारियों का जिक्र नहीं है।
उद्धव ठाकरे के बड़े बेटे आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र कैबिनेट में मंत्री हैं और पर्यावरण मंत्रालय का जिम्मा संभालते हैं।
हलफनामे के मुताबिक, उद्घव ठाकरे के पास 76.59 करोड़ रुपये की संपत्ति है जिसमें से 52.44 करोड़ रुपये की अचल और 24.14 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।
उनकी पत्नी के पास 65.09 करोड़ रुपये की संपत्ति है जिसमें से 28.92 करोड़ रुपये की अचल और 36.16 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।
इससे पहले दिन में ठाकरे और सत्तारूढ़ गठबंधन के चार अन्य उम्मीदवारों ने 21 मई को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए अपना नामांकन दायर किया।
मुख्यमंत्री फिलहाल न विधानसभा के और न विधान परिषद के सदस्य हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 11:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

