एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र के बीड में कपड़ा व्यापारी ने की आत्महत्या, सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के बीड जिले में 42 वर्षीय एक कपड़ा व्यापारी ने कुछ लोगों द्वारा रुपयों के लिए प्रताड़ित किए जाने के कारण कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | महाराष्ट्र के बीड में कपड़ा व्यापारी ने की आत्महत्या, सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

छत्रपति संभाजीनगर, सात जुलाई महाराष्ट्र के बीड जिले में 42 वर्षीय एक कपड़ा व्यापारी ने कुछ लोगों द्वारा रुपयों के लिए प्रताड़ित किए जाने के कारण कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक व्यक्ति (मुख्य आरोपी), उसकी पत्नी और पांच अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि व्यापारी राम फटाले ने बीड शहर के शनिवार पेठ इलाके स्थित अपने निवास पर पांच जुलाई की रात कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

प्राथमिकी के अनुसार, फटाले ने सात साल पहले मुख्य आरोपी से 10 प्रतिशत की ब्याज दर पर 2.5 लाख रुपये उधार लिए थे, जो अधिकृत साहूकार नहीं है। व्यवसायी और उसके पिता ने कोविड-19 लॉकडाउन (2020) से पहले पैसे लौटा दिए थे।

इसके बावजूद मुख्य आरोपी और अन्य लोग फटाले से प्रति माह 25,000 रुपये की मांग कर उसे प्रताड़ित करते रहे। उन्होंने व्यापारी की साइन की हुई चेक बुक भी लौटाने से इनकार कर दिया।

मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी शुक्रवार को फटाले के घर पहुंचे और उससे पैसों की मांग को लेकर कथित रूप से दुर्व्यवहार किया।

पुलिस के अनुसार, व्यापारी के परिजनों ने रविवार सुबह जब उसे फंदे से लटका पाया तो तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिकी के अनुसार, मृतक की पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी द्वारा की दी जा रही प्रताड़ना का उल्लेख किया है।

सुसाइड नोट में यह भी कहा गया है कि उसने पूरा कर्ज चुका दिया था, फिर भी आरोपी उससे बार-बार धन की मांग कर रहे थे।

एक अधिकारी ने बताया कि सातों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र सावकारी (नियमन) अधिनियम, 2014 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).