देश की खबरें | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पीटीआई के विशेष साक्षात्कार का मूल पाठ छह अंतिम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
प्रश्न: आपने कहा है कि भारत 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। 2047 के अमृतकाल वर्ष में आप भारत को कहां देखते हैं?
उत्तर : विश्व इतिहास में लंबे समय तक, भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में से एक था। बाद में, विभिन्न प्रकार के उपनिवेशीकरण के प्रभाव के कारण, हमारी वैश्विक स्थिति कमजोर हुई, लेकिन अब भारत फिर से आगे बढ़ रहा है। जिस तेजी से हमने एक दशक से भी कम समय में 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तक पांच स्थानों की छलांग लगाई है, उसने इस तथ्य को व्यक्त किया है कि भारत का मतलब व्यापार है।
हमारे साथ लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और विविधता है। जैसा कि मैंने कहा, अब इसमें एक चौथा डी जोड़ा जा रहा है - विकास (डेवलपमेंट)।
मैंने पहले भी कहा है कि 2047 तक की अवधि एक बड़ा अवसर है। जो भारतीय इस युग में हैं, उनके पास विकास की नींव रखने का एक शानदार मौका है जिसे अगले 1,000 वर्षों तक याद किया जाएगा!
राष्ट्र भी इस समय की महत्ता को महसूस कर रहा है। यही कारण है कि, आप कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व वृद्धि देखते हैं। हमारे पास सैंकड़ों ‘यूनिकॉर्न’ हैं और हम तीसरा सबसे बड़ा ‘स्टार्टअप’ केंद्र हैं।
हमारे अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का दुनिया भर में जश्न मनाया जा रहा है। लगभग हर वैश्विक खेल आयोजन में, भारत पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। अधिक विश्वविद्यालय साल-दर-साल दुनिया की शीर्ष रैंकिंग में प्रवेश कर रहे हैं। इस गति के साथ, मैं सकारात्मक हूं कि हम निकट भविष्य में शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में होंगे। मुझे विश्वास है कि 2047 तक हमारा देश विकसित देशों में शामिल हो जाएगा।
हमारी अर्थव्यवस्था और भी समावेशी और नवोन्मेषी होगी। हमारे गरीब लोग गरीबी के खिलाफ लड़ाई को व्यापक रूप से जीतेंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र के परिणाम दुनिया में सर्वश्रेष्ठ होंगे। भ्रष्टाचार, जातिवाद और सांप्रदायिकता का हमारे राष्ट्रीय जीवन में कोई स्थान नहीं होगा। हमारे लोगों के जीवन की गुणवत्ता दुनिया के सर्वश्रेष्ठ देशों के बराबर होगी। सबसे महत्वपूर्ण बात, हम प्रकृति और संस्कृति दोनों की देखभाल करते हुए यह सब हासिल करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)