एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | दस भारतीय मछुआरों पर नौसेना के एक नाविक की मौत का आरोप लगाया जाएगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंका की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किए गए दस भारतीय मछुआरों पर नौसेना के एक नाविक की मौत का आरोप लगाया जाएगा। मछुआरों की नाव को जब्त करने के अभियान के दौरान इस नाविक की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विदेश की खबरें | दस भारतीय मछुआरों पर नौसेना के एक नाविक की मौत का आरोप लगाया जाएगा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 27 जून श्रीलंका की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किए गए दस भारतीय मछुआरों पर नौसेना के एक नाविक की मौत का आरोप लगाया जाएगा। मछुआरों की नाव को जब्त करने के अभियान के दौरान इस नाविक की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्रीलंकाई नौसेना की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि नौसेना के विशेष 'बोट स्क्वाड्रन' के एक वरिष्ठ नाविक को भारतीय नौका के आक्रामक व्यवहार और नाव के जब्त करने का विरोध करने दौरान गंभीर चोटें आईं।

इसमें आगे कहा गया, "वरिष्ठ नाविक को जाफना के टीचिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दुर्भाग्यवश उनकी मृत्यु हो गई।"

श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि सोमवार को दस भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उनकी मछली पकड़ने वाली नौका को जब्त कर लिया गया।

मछली पकड़ने वाली नौका को कांकेसंतुराई बंदरगाह पर लाया गया और मछुआरों को कानूनी कार्रवाई के लिए मैलाडी मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया गया।

नौसेना ने बताया कि जाफना मजिस्ट्रेट ने मृतक नाविक का पोस्टमार्टम करवाया और जांच में पता चला कि नाविक की मौत एक दुर्घटना थी जो रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण हुई थी।

जाफना के मछुआरे उत्तर-पश्चिमी जिले कुरुनेगला में 40 वर्षीय नाविक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में मछुआरों का मुद्दा एक विवादास्पद मुद्दा रहा है। एक बार तो श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया।

पाक जलडमरूमध्य, तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाली एक पतली जल-पट्टी है, जो दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक मुख्य क्षेत्र है।

श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि उसने इस वर्ष अब तक देश के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 200 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है तथा 27 मछली पकड़ने वाले जहाज (ट्रॉलर) जब्त किए हैं।

नौसेना ने साल 2023 में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में कथित अवैध शिकार के लिए 35 जहाजों के साथ 240 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2024 05:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).