देश की खबरें | ‘तेलंगाना जागृति’ ने कविता पर टिप्पणी को लेकर महिला आयोग से शिकायत की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य के. कविता की अध्यक्षता वाली ‘तेलंगाना जागृति’ ने कविता के बारे में ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के निलंबित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) टी. मल्लन्ना के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई।
हैदराबाद, 14 जुलाई भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य के. कविता की अध्यक्षता वाली ‘तेलंगाना जागृति’ ने कविता के बारे में ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के निलंबित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) टी. मल्लन्ना के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई।
‘तेलंगाना जागृति’ की महिला नेताओं ने आयोग के सदस्यों को एक ज्ञापन सौंपा। ‘तेलंगाना जागृति’ द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने बताया कि मल्लन्ना कविता से माफी मांगने के बजाय उनसे ‘‘दुर्व्यवहार’’ करते रहे।
इस बीच, मल्लन्ना ने राज्य विधान परिषद के अध्यक्ष गुथा सुखेंद्र रेड्डी से मुलाकात की और रविवार को ‘तेलंगाना जागृति’ सदस्यों द्वारा उनके कार्यालय पर किए गए ‘‘हमले’’ के संबंध में कार्रवाई की मांग की। मल्लन्ना का मूल नाम चौधरी नवीन कुमार है।
मल्लन्ना 2024 में कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद के लिए चुने गए थे। हालांकि, इस साल की शुरुआत में कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
कांग्रेस से जुड़े एक सूत्र ने रविवार को कहा कि मल्लन्ना को निर्दलीय एमएलसी कहा जाना चाहिए।
मल्लन्ना के एक निजी सुरक्षा अधिकारी ने रविवार को ‘तेलंगाना जागृति’ से जुड़े प्रदर्शनकारियों के समूह को तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाईं, जिन्होंने यहां मेदिपल्ली स्थित उनके कार्यालय पर ‘‘हमला’’ किया था।
कविता पर की गई कुछ ‘‘आपत्तिजनक’’ टिप्पणी के विरोध में ‘तेलंगाना जागृति’ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मल्लन्ना के कार्यालय पर हमला किया। जब मल्लन्ना कार्यालय पर हमला किया गया तब वह कार्यालय में ही मौजूद थे।
पुलिस ने रविवार को बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायत और जवाबी-शिकायत के आधार पर मल्लन्ना, कविता और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मल्लन्ना ने रविवार को आरोप लगाया था कि कविता के उकसावे पर उनकी जान लेने की कोशिश की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 05:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

