देश की खबरें | तेलंगाना सरकार का जाति सर्वेक्षण शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना सरकार का व्यापक सामाजिक-आर्थिक, रोजगार, राजनीतिक और जाति सर्वेक्षण बुधवार को शुरू हो गया।
हैदराबाद, छह नवंबर तेलंगाना सरकार का व्यापक सामाजिक-आर्थिक, रोजगार, राजनीतिक और जाति सर्वेक्षण बुधवार को शुरू हो गया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव के दौरान जाति आधारित सर्वेक्षण कराने का वादा किया था।
राज्य के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) कार्यालय में सर्वेक्षण की शुरुआत करते हुए नागरिकों से बिना किसी आशंका के सर्वेक्षणकर्ताओं को जानकारी देने का आग्रह किया।
प्रभाकर ने कहा कि जानकारी गोपनीय रहेगी और सर्वेक्षण का उद्देश्य असमानताओं को दूर करना एवं सभी के लिए समान न्याय सुनिश्चित करना है।
राज्य के आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि सर्वेक्षण से सरकार को समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास के लिए योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही सरकार ने स्थानीय निकायों में आरक्षण के उद्देश्य से पिछड़े वर्गों की पहचान के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बुसानी वेंकटेश्वर राव की अध्यक्षता में एक सदस्यीय आयोग भी नियुक्त किया है।
मंगलवार को कांग्रेस की तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित एक बैठक को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि वह तेलंगाना में जाति जनगणना सुनिश्चित करने और राज्य को देश में जाति जनगणना के लिए एक मिसाल बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के जाति सर्वेक्षण में कुछ कमियां हो सकती हैं और इन्हें दूर किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2024 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

