देश की खबरें | तेलंगाना : वीडियो बनाने और पोस्ट करने को लेकर झगड़े में भाई ने बहन की हत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना के भद्राद्री कोथागुडेम जिले के एक युवक ने वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से नाराज होकर अपनी बहन की हत्या कर दी है।
हैदराबाद, 26 जुलाई तेलंगाना के भद्राद्री कोथागुडेम जिले के एक युवक ने वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से नाराज होकर अपनी बहन की हत्या कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय युवक ने अपनी छोटी बहन को एसा करने से मना किया था, लेकिन उसने कोई बात नहीं सुनी।
पुलिस के मुताबिक, घटना जिले के येल्लांदु मंडल में 24 जुलाई की है। पुलिस ने बताया कि अस्पताल ले जाते हुए 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि युवती की मां की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर उसके (मृतका के) भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि युवती के भाई ने दो-तीन मौकों पर उसे (बहन को) वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड न करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि उसे (भाई को) यह सब पसंद नहीं है। इसी बात को लेकर 24 जुलाई को भाई और बहन के बीच तीखी बहस हुई थी।
पुलिस ने बताया, ''जिसके बाद उसने फिर से अपनी बहन को चेतावनी दी लेकिन उसने (बहन ने) कथित तौर पर अपने भाई से कहा कि वह वही करेगी जो वह चाहती है, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने (भाई ने) अपनी बहन के सिर पर मूसल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।''
अधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने युवती को खम्माम के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सोमवार रात को वारंगल के दूसरे अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)