जरुरी जानकारी | फोनपे की प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी से लेनदेन पर पड़ा असर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश की सबसे बड़ी वित्तीय-प्रौद्योगिकी कंपनी फोनपे की प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी आने की वजह से इसके भुगतान मंच पर लेनदेन सोमवार को कुछ देर बाधित रहा।

नयी दिल्ली, 12 मई देश की सबसे बड़ी वित्तीय-प्रौद्योगिकी कंपनी फोनपे की प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी आने की वजह से इसके भुगतान मंच पर लेनदेन सोमवार को कुछ देर बाधित रहा।

फोनपे के सह-संस्थापक राहुल चारी ने कहा कि कंपनी ने अपने नेटवर्क फायरवॉल पर साइबर सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के साथ आपदा बहाली (डीआर) का सक्रिय अभ्यास शुरू किया है।

चारी ने कहा, ‘‘सोमवार शाम को हमारी सभी सेवाओं में 100 प्रतिशत लेनदेनन एक नए डेटा सेंटर के जरिये हो रहा था। दुर्भाग्य से, सोमवार शाम के व्यस्त लेनदेन ने नेटवर्क क्षमता की कमी को उजागर किया, जिसके कारण लेनदेन नाकाम होने लगे।’’

उन्होंने इस पर खेद जताते हुए कहा, ‘‘हमने अब अपनी अन्य साइट पर अपनी लेनदेन सेवाओं को फिर से संतुलित कर लिया है और सुधार देख रहे हैं।’’

इसके साथ ही चारी ने कहा, ‘‘हम इससे सबक लेकर अपनी प्रणाली को और मजबूत करने का आश्वासन देते हैं।’’

डिजिटल सेवाओं में गतिरोध पर नजर रखने वाले मंच 'डाउनडिटेक्टर' के मुताबिक, लेनदेन नाकाम रहने की सूचना शाम छह बजे के आसपास आनी शुरू हुई और लगभग 7.15 बजे अधिकतम स्तर पर पहुंच गई।

देश भर में कई उपयोगकर्ताओं को यूपीआई लेनदेन में नाकामी का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने इसे यूपीआई प्रणाली में गड़बड़ी समझा था।

यूपीआई प्रणाली को इससे पहले 26 मार्च से 12 अप्रैल के बीच भी तीन बार गतिरोध का सामना करना पड़ा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\