देश की खबरें | चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी को लेकर लोकसभा में तेदेपा, वाईएसआरसीपी के बीच नोकझोंक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में सोमवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद जयदेव गाला ने अपनी पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया, तो तेदेपा और युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

नयी दिल्ली, 18 सितंबर लोकसभा में सोमवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद जयदेव गाला ने अपनी पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया, तो तेदेपा और युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

गाला ने राज्य में सत्तारूढ़ दल वाईएसआरसीपी पर प्रतिशोध की राजनीति में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए काला दिन था, जब तेदेपा नेता को गिरफ्तार किया गया।

वह संविधान सभा से लेकर 75 वर्षों की संसदीय यात्रा-उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख विषय पर चर्चा में भाग ले रहे थे। गाला ने कहा, ‘‘आज हम एक बेदाग वरिष्ठ नेता को राजनीतिक प्रतिशोध में गिरफ्तार होते हुए देख रहे हैं। यह लोकतंत्र और आंध्र प्रदेश के इतिहास के लिए एक काला दिन है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को बताना चाहता हूं कि राज्य में किस तरह से कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है।’’

गाला ने मांग की कि तेदेपा प्रमुख को जल्द से जल्द रिहा किया जाए।

गाला की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए वाईएसआरसीपी सांसद पी वी मिधुन रेड्डी ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा एक नोटिस दिया गया है और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को धन के लेन देन का पता चला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नायडू का निजी सहायक (पीए) फरार है और यह ‘‘सरासर भ्रष्टाचार का मामला है’’ जिसमें न्याय होना ही चाहिए। रेड्डी ने कहा, ‘‘देश में कोई भी घोटालेबाज नहीं कहता कि वह दोषी है।’’

पीठासीन अधिकारी एन के प्रेमचंद्रन ने कहा कि अदालत को इस मुद्दे पर फैसला करने दें। बाद में, प्रेमचंद्रन ने कहा कि सभी विवादास्पद संदर्भों को रिकॉर्ड से हटा दिया जाएगा।

नायडू को कौशल विकास निगम के धन के कथित दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मामले में राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now