जरुरी जानकारी | टीसीएस, टेक महिंद्रा की अमेजन वेब सर्विसेज के साथ साझेदारी की घोषणा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा निर्यातक टीसीएस ने समर्पित जेनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता (जेनएआई) मंच मुहैया कराने के लिए अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के साथ गठजोड़ की सोमवार को घोषणा की।
मुंबई, 27 नवंबर देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा निर्यातक टीसीएस ने समर्पित जेनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता (जेनएआई) मंच मुहैया कराने के लिए अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के साथ गठजोड़ की सोमवार को घोषणा की।
टाटा समूह की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने हाल ही में घोषणा की है कि उसने दुनिया भर में एक लाख कर्मचारियों को जेनएआई से संबंधित बुनियादी प्रशिक्षण दिया है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, टीसीएस का एडब्ल्यूएस-आधारित जेनएआई मंच हरेक उद्योग क्षेत्र के लिए समाधान और सेवाओं का एक व्यापक पोर्टफोलियो बनाने के लिए जिम्मेदार एआई ढांचे और इसके "पेसपोर्ट इनोवेशन हब" के इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित करेगा।
एडब्ल्यूएस अमेजन की मांग-आधारित क्लाउड कंप्यूटिंग इकाई है। जेनरेटिव एआई ने उद्योगों को महत्वपूर्ण रूप से नया आकार देने की क्षमता के कारण विश्व स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है।
इस बीच घरेलू सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टेक महिंद्रा ने भी दुनिया भर में खेल प्रेमियों के लिए स्पोर्ट्स क्लाउड मंच बनाने के लिए एडब्ल्यूएस के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत खेल संगठनों को एक व्यापक डिजिटल मंच मुहैया कराया जाएगा।
यह मंच सामग्री और सामुदायिक जुड़ाव, ग्राहकों के डेटा के प्रबंधन और दर्शकों के वर्गीकरण एवं खेल विश्लेषण से संबंधित सुविधाओं पेशकश करेगा।
निवेश सेवा प्रदाता एचडीएफसी सिक्योरिटीज भी एडब्ल्यूएस क्लाउड पर अपना मोबाइल ट्रेडिंग ऐप 'एचडीएफसी स्काई' पेश करने की जानकारी दी। इस ऐप के जरिये निवेशकों को प्रति सेकंड हजारों लेनदेन की शेयर बाजार तक पहुंच मिलेगी।
एक विज्ञप्ति के मुताबिक, एचडीएफसी सिक्योरिटीज मोबाइल ट्रेडिंग पसंद करने वाले तकनीक-प्रेमी खुदरा निवेशकों की बढ़ती संख्या के लिए एक सुरक्षित और कम विलंब अवधि वाली ट्रेडिंग सेवा प्रदान कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)