जरुरी जानकारी | टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स का उपग्रह इकाई लगाने के लिए सैटेलॉजिक इंक से करार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैमानिकी और रक्षा समाधान प्रदाता टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) और नैसडेक में सूचीबद्ध सैटेलॉजिक इंक ने भारत में निम्न पृथ्वी कक्षा (एलईओ) उपग्रह बनाने के लिए एक रणनीतिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों कंपनियों ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बेंगलुरु, 29 नवंबर वैमानिकी और रक्षा समाधान प्रदाता टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) और नैसडेक में सूचीबद्ध सैटेलॉजिक इंक ने भारत में निम्न पृथ्वी कक्षा (एलईओ) उपग्रह बनाने के लिए एक रणनीतिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों कंपनियों ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार, टीएएसएल कर्नाटक में एक उपग्रह इकाई भी शुरू करेगी।
दोनों कंपनियों ने संयुक्त बयान में कहा, “टीएएसएल भारत में उपग्रहों के लिए एक असेंबलिंग, एकीकरण और परीक्षण (एआईटी) इकाई स्थापित करेगी। वह सैटेलॉजिक के साथ मिलकर एक उपग्रह डिजाइन का भी संयुक्त रूप से विकास करेगी।”
टीएएसएल का उपग्रह एआईटी संयंत्र कर्नाटक के वेमागल स्थित इकाई में बनाया जाएगा। यह राष्ट्रीय रक्षा और वाणिज्यिक अनुप्रयोगों के लिए भारत में उपग्रहों के निर्माण और इमेजरी के विकास पर केंद्रित होगा।
बयान के अनुसार, टीएएसएल और सैटेलॉजिक एक नए उपग्रह डिजाइन के विकास पर सहयोग करेंगे, जो एक ही उपग्रह पर कई पेलोड को एकीकृत करेगा जो विविध प्रकार के डेटा उत्पन्न करने में मदद करेगा। सैटेलॉजिक ‘सब-मीटर रिज़ॉल्यूशन’ पृथ्वी अवलोकन (ईओ) से जुड़े डेटा संग्रह में अग्रणी कंपनी है।
बयान में कहा गया, "परियोजना व्यापक प्रशिक्षण, ज्ञान के हस्तांतरण और ऑप्टिकल सब-मीटर रिज़ॉल्यूशन ईओ उपग्रहों की स्थानीय असेंबलिंग के साथ शुरू होगी। पहले उपग्रह को टीएसएटी-1ए के रूप में प्रक्षेपित करने की योजना है।"
टीएएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) सुकरण सिंह ने कहा कि कंपनी पेलोड एवं अन्य प्रौद्योगिकियों के लिए स्थानीय कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी।
सैटेलॉजिक के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एमिलियानो कार्गीमैन ने कहा कि इस साझेदारी से दुनिया के एक बड़े देश के अंतरिक्ष क्षमता निर्माण में तेजी आएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)