खेल की खबरें | तमिलनाडु के भारोत्तोलक एन अजित ने राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के एन अजित ने शुक्रवार को यहां पुरुषों के 73 किग्रा वर्ग में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
देहरादून, 31 जनवरी तमिलनाडु के एन अजित ने शुक्रवार को यहां पुरुषों के 73 किग्रा वर्ग में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
गुजरात और गोवा में राष्ट्रीय खेलों में दबदबा बनाने के बाद अजित ने उत्तराखंड में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।
अजित ने स्नैच में 136 किग्रा के अपने पहले प्रयास में असफल होने के बावजूद दृढ़ता के साथ वापसी की। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में वही वजन उठाया और फिर अपने अंतिम प्रयास में सफलतापूर्वक 140 किलोग्राम वजन उठाया।
उन्होंने क्लीन एवं जर्क की शुरुआत 166 किग्रा का वजन उठाकर की और फिर दूसरे प्रयास में 171 किग्रा उठाकर दर्शकों को चौंका दिया। कुल 311 किग्रा वजन के साथ उनका स्वर्ण पदक लगभग पक्का हो गया था और अजित ने तीसरा प्रयास नहीं करने का फैसला किया।
अजित ने कहा, ‘‘एक भारोत्तोलक के लिए चोट से मुक्त रहना महत्वपूर्ण है। भगवान की कृपा से मैं ऐसा करने में सक्षम रहा हूं। राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी करना एक बड़ी उपलब्धि है।’’
हरियाणा के दीपक लाठेर ने स्नैच में शुरुआती बढ़त हासिल की और अपने तीसरे प्रयास में 141 किग्रा वजन उठाया जो अजित से एक किग्रा अधिक था।
लाठेर हालांकि क्लीन एवं जर्क में लड़खड़ा गए। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में सफलतापूर्वक 160 किलोग्राम वजन उठाया और कुल 301 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के लालहुंथरा ने जीता जिन्होंने क्लीन एवं जर्क में अपने तीसरे प्रयास में 167 किग्रा वजन उठाकर कुल 293 किग्रा वजन उठाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)