देश की खबरें | तमिलनाडु : अंडाणु दान मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नाबालिग लड़की को वयस्क बता उसका अंडाणु एक गर्भाधान अस्पताल (फर्टिलिटी क्लिनिक) को बेचने के मामले में शनिवार को 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इरोड (तमिलनाडु), चार जून तमिलनाडु में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नाबालिग लड़की को वयस्क बता उसका अंडाणु एक गर्भाधान अस्पताल (फर्टिलिटी क्लिनिक) को बेचने के मामले में शनिवार को 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक जॉन यहां के सुरमपत्ती इलाके का रहने वाला है और इरोड, सलेम और होसुर के कई फर्टिलिटी क्लिनिक में लड़की का फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और आधार जमा कराया था।

उन्होंने बताया कि आज आरोपी को चार घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि 16 वर्षीय एक लड़की को गर्भाधान (फर्टिलिटी) क्लिनिक और अस्पतालों में अंडाणु दान करने के लिए मजबूर करने के आरोप में बृहस्पतिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि यह मामला तब प्रकाश में आया जब लड़की तीनों आरोपियों की चंगुल से छूटने के बाद आपबीती सलेम में रह रहे अपने रिश्तेदारों को बताई।

इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई। पीड़िता की मां इंद्राणी अपने प्रेमी सैयद अली के साथ रह रही है। कहा जाता है कि गत चार साल में सैयद अली ने लड़की का कई बार यौन उत्पीड़न किया और उसे एजेंट मलाथी की मदद से अस्पताल को अंडाणु बेचने पर मजबूर किया।

पुलिस ने बताया चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस बीच, पुलिस टीम ने इरोड, पेरुनदुरई, सलेम और होसुर के अस्पताल की जांच की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\