देश की खबरें | अपनी विचारधारा न थोपे तमिलनाडु सरकार, सप्ताहांत पर मंदिर में दर्शन की दे इजाजत: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर राज्य की द्रमुक सरकार ने सप्ताहांत पर मंदिरों में पूजा अर्चना करने पर प्रतिबंधों को 10 दिन के भीतर नहीं हटाया और अपनी “विचारधारा थोपने की कोशिश” की तो उसे लोगों का रोष झेलना पड़ेगा। अन्नामलाई ने कहा कि सप्ताहांत पर मंदिर में दर्शन करने पर प्रतिबंध लगाकर राज्य सरकार श्रद्धालुओं पर “अपनी विचारधारा थोपने” का प्रयास कर रही है।

चेन्नई, सात अक्टूबर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर राज्य की द्रमुक सरकार ने सप्ताहांत पर मंदिरों में पूजा अर्चना करने पर प्रतिबंधों को 10 दिन के भीतर नहीं हटाया और अपनी “विचारधारा थोपने की कोशिश” की तो उसे लोगों का रोष झेलना पड़ेगा। अन्नामलाई ने कहा कि सप्ताहांत पर मंदिर में दर्शन करने पर प्रतिबंध लगाकर राज्य सरकार श्रद्धालुओं पर “अपनी विचारधारा थोपने” का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस जनित महामारी का बहाना बनाकर शुक्रवार से रविवार तक मंदिरों को बंद रखने का कोई तार्किक कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि जब सिनेमाघर खुले हैं और सरकार बच्चों के लिए पुनः स्कूल खोलने जा रही है जिनके लिए टीका भी नहीं आया है, तो ऐसे में मंदिरों पर प्रतिबंध लगाने का कोई मतलब नहीं है। अन्नामलाई ने राज्य सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि वह कोविड-19 पर केंद्र के परामर्श को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा, “नवरात्रि का उत्सव आज से शुरू हो गया लेकिन राज्य सरकार ने वायरस जनित महामारी के फैलने का बहाना बनाकर शुक्रवार से रविवार तक मंदिरों को बंद रखने का निर्णय लिया है। इस तर्क का कोई अर्थ नहीं है क्योंकि प्रतिबंधों पर केंद्र सरकार का परिपत्र केवल एक परामर्श है।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष ने मंदिरों को फिर से खुलवाने के लिए यहां द्रमुक सरकार के विरोध में बड़े प्रदर्शन की अगुआई की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी को आज 12 प्राचीन मंदिरों के सामने विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार 10 दिन के भीतर उनकी मांगें मान लेगी।

अन्नामलाई ने कहा, “हम सरकार को फैसला बदलने के लिए 10 दिन का समय देते हैं अन्यथा हमारे पास सड़क पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने से सिवा कोई चारा नहीं बचेगा। कोरोना वायरस की आड़ में अपनी गलत विचारधारा को थोपने के प्रयास का भाजपा एड़ी चोटी से विरोध करेगी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\