देश की खबरें | ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से पहले राहुल गांधी को तिरंगा सौंपेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी सात सितंबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इसके साथ ही वह कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन उन्हें राष्ट्र ध्वज सौंपेंगे। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, दो सितंबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सात सितंबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इसके साथ ही वह कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन उन्हें राष्ट्र ध्वज सौंपेंगे। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महात्मा गांधी मंडपम में कार्यक्रम के दौरान स्टालिन भी मौजूद रहेंगे, जिसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ उस सार्वजनिक रैली स्थल पर जाएंगे जहां से यात्रा शुरू की जाएगी।
सूत्रों ने कहा कि कन्याकुमारी से श्रीनगर की 3,570 किलोमीटर लंबी यात्रा की औपचारिक शुरुआत रैली में होगी लेकिन वास्तव में गांधी और कुछ अन्य कांग्रेसी नेता आठ जनवरी को सुबह सात बजे ‘पदयात्रा’ की शुरुआत करेंगे।
पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यात्रा कर्नाटक में 21 दिनों तक रहेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में जाएगी।
पार्टी ने गांधी सहित 118 नेताओं को ‘भारत यात्रियों’ के रूप में वर्गीकृत किया है जो कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की दूरी तय करेंगे। वे प्रतिदिन औसतन 20-25 किमी की दूरी तय करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि 118 ‘भारत यात्रियों’ में राहुल गांधी समेत नौ नेता 51-60 साल की उम्र के हैं। उन्होंने बताया कि 118 नेताओं में से 20 की उम्र 25-30; 51 की उम्र 31-40 व 38 की उम्र 41-50 के बीच है।
यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होगी और फिर उत्तर की तरफ बढ़ते हुए तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसुरू, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू से गुजरने के बाद श्रीनगर में खत्म होगी।
यात्रा में भाग लेने वालों का वर्गीकरण ‘भारत यात्री’, ‘अतिथि यात्री’ और ‘प्रदेश यात्री’ के तौर पर किया गया है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ वेबसाइट पर 37,000 से अधिक ऐसे आम लोगों ने भी पंजीकरण कराया है जो पार्टी से संबंधित नहीं है। इसके बाद ‘स्वयंसेवक यात्रियों’ की एक नयी श्रेणी को भी शामिल किया गया है।
सात सितंबर को यात्रा की शुरुआत से पहले राहुल गांधी कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और कामराज मेमोरियल भी जाएंगे।
यात्रा की टैगलाइन ‘मिले कदम, जुड़े वतन’ है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, “भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों के लिये दिग्विजय सिंह और मैंने पिछले तीन दिनों में तीन राज्यों का दौरा किया। हम जल्द ही अन्य राज्यों में जाएंगे। यात्रा को लेकर गजब का जोश और उत्साह है। इसके लिये पूरी पार्टी जुटी हुई है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ परिवर्तनकारी राजनीति है और यह ‘मन की बात’ नहीं बल्कि जनता के लिये चिंता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2022 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

