देश की खबरें | केरल के मंत्री ने कहा, जंगली हाथी ‘अरीकोम्बन’ पर तमिलनाडु के अधिकारी लेंगे फैसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के वन मंत्री ए के शशिंद्रन ने कहा कि ‘अरीकोम्बन’ नाम का जंगली हाथी शनिवार सुबह भटककर तमिलनाडु के कुम्बुम इलाके की एक बस्ती में चला गया और चूंकि, अब वह पड़ोसी राज्य की सीमा में है, इसलिए वहां के अधिकारी उसे लेकर फैसला करेंगे।

तिरुवनंतपुरम, 27 मई केरल के वन मंत्री ए के शशिंद्रन ने कहा कि ‘अरीकोम्बन’ नाम का जंगली हाथी शनिवार सुबह भटककर तमिलनाडु के कुम्बुम इलाके की एक बस्ती में चला गया और चूंकि, अब वह पड़ोसी राज्य की सीमा में है, इसलिए वहां के अधिकारी उसे लेकर फैसला करेंगे।

यह हाथी राशन की दुकानों में घुसने के लिए कुख्यात है और इसे चावल बहुत पसंद है। केरल सरकार के अधिकारियों ने पिछले महीने इसे पेरियार बाघ अभयारण्य (पीटीआर) में स्थानांतरित किया था।

शशिंद्रन ने कहा कि तमिलनाडु के वन अधिकारी केरल में अपने समकक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं और यह पता चला है कि हाथी को बेहोश कर वहां जंगल के अंदर छोड़ने की योजना है।

उन्होंने इन आलोचनाओं को भी खारिज किया कि ‘अरीकोम्बन’ को चिन्नाक्कनल से पीटीआर में स्थानांतरित करने का मिशन विफल रहा और कहा कि उसे स्थानांतरित करने का फैसला केरल वन विभाग का नहीं था।

मंत्री ने कहा कि विभाग हाथी को पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित करना चाहता था, लेकिन पशु अधिकार संगठन इस योजना के खिलाफ अदालत चले गए, जिसके बाद सरकार को उच्च न्यायालय के फैसले के कारण हाथी को पीटीआर में स्थानांतरित करना पड़ा।

इस बीच, कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने ‘अरीकोम्बन’ को जंगल में स्थानांतरित करने के निर्णय की आलोचना की और मिशन को ‘विफल’ करार दिया।

‘अरीकोम्बन’ नाम का जंगली हाथी शनिवार को रास्ता भटककर थेनी जिले के कुम्बुम इलाके में प्रवेश कर गया और एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया तथा कई लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

जंगली हाथी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ हुआ है, जिसमें उसे इलाके में इधर-उधर भागते देखा जा सकता है। नगर निकाय के अधिकारियों ने लोगों को अपने घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\