विदेश की खबरें | कार्यवाहक प्रधानमंत्री पर सहमति बनाने के लिए बातचीत जारी है: पाक के गृह मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को कहा कि ऐसे किसी व्यक्ति को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाएगा जो सभी पक्षों को स्वीकार्य हो तथा इस बाबत सहमति बनाने के लिए बातचीत जारी है।
इस्लामाबाद, 28 जुलाई पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को कहा कि ऐसे किसी व्यक्ति को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाएगा जो सभी पक्षों को स्वीकार्य हो तथा इस बाबत सहमति बनाने के लिए बातचीत जारी है।
सनाउल्लाह ने मीडिया में आई इन खबरों को खारिज किया कि वित्त मंत्री इसहाक डार कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने इसे ‘अफवाह’ करार दिया।
गृह मंत्री ने ‘जियो न्यूज़’ से कहा, “ न तो इसहाक डार का नाम सुझाया गया है और न ही इसे खारिज किया गया है। यह एक अफवाह हो सकती है।”
सनाउल्लाह ने कहा कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री के पद के लिए किसी नौकरशाह या राजनीतिक नेता का चयन करने पर फिलहाल बातचीत की जा रही है।
उन्होंने कहा, “अगर सहमति बनती है तो किसी राजनीतिक नेता को नियुक्त किया जा सकता है। ऐसे में वह इसहाक डार या किसी भी दल का कोई भी नेता हो सकता है।”
सनाउल्लाह ने कहा कि सरकार ऐसे व्यक्ति को नियुक्त करने की कोशिश करेगी जो सभी पक्षों को स्वीकार्य हो।
डार ने खुद भी इन खबरों को भी अनुचित बताया कि पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने कहा कि बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।
पाकिस्तान के मुख्यधारा के मीडिया ने खबर दी थी कि सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) डार का नाम कार्यवाहक प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित करने पर विचार कर रही है। देश की संसद का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो जाएगा और चुनाव से लेकर नई सरकार के गठन तक देश में कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तहत शासन चलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)