देश की खबरें | सोशल मीडिया पर जातीय और सांप्रदायिक नफरत फैलाने वालों पर कार्रवाई करें: स्टालिन

चेन्नई, 11 जुलाई तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को पुलिस को सोशल मीडिया पर जातीय या सांप्रदायिक नफरत भड़काने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए अपराध को शून्य करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे शातिर तत्व सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ सकते हैं, जिसका प्रभाव निर्दोष लोगों पर पड़ता है। ऐसे तत्वों पर नजर रखी जानी चाहिए और उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

उन्होंने ये बातें यहां सचिवालय में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्य सचिव शिवदास मीणा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पी अमुधा, पुलिस महानिदेशक शंकर जिवल और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ की गई समीक्षा बैठक के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि पुलिस को केवल अपराधों का पता लगाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे रोकने का भी प्रयास करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले महीने या साल की तुलना में अपराध के घटते आंकड़ों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय पुलिस को अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए अपराध शून्य करने पर जोर देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता, खासतौर पर महिलाओं की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और अपराधियों को दंडित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्टेशन में लाए जाने वाले संदिग्धों के साथ सही तरीके से व्यवहार किया जाना चाहिये और उन्हें बेवजह तंग नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्होंने हिरासत में होने वाली मौत रोकने के लिए उचित कदम उठाने पर भी जोर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)