कोरोना वायरस के कारण स्विस सुपर लीग 23 फरवरी से ही निलंबित चल रही है और उसके अभी 13 दौर के मैच बचे हुए हैं।
लेकिन क्लब अभी तक इस पर सहमत नहीं हो पाये हैं कि सत्र फिर से शुरू करना चाहिए या नहीं। इनमें दो बार का चैंपियन एफसी सियोन भी है जिसको लगता है कि इससे फायदे की बजाय नुकसान होगा।
जब लीग रोकी गयी थी सेंट गैलन और यंग ब्वायज समान अंकों के साथ संयुक्त शीर्ष पर थे। उन्होंने तीसरे स्थान पर काबिज बासेल पर पांच अंक की बढ़त बना रखी थी।
सियोन दस टीमों के डिवीजन में आठवें स्थान पर है और वह रेलीगेशन प्लेऑफ से केवल चार अंक ऊपर है। उसने अभ्यास शुरू करने से इन्कार कर दिया और अपने कई खिलाड़ियों के अनुबंध समाप्त कर दिये। इनमें आर्सेनल के पूर्व फुटबालर अलेक्स सोंग और योहान जोरोऊ भी शामिल हैं।
सियोन के अध्यक्ष क्रिस्टियन कांस्टेटाइन ने कहा, ‘‘हमारे राजस्व का 90 प्रतिशत टिकट बिक्री, सदस्यों और प्रायोजकों से मिलता है केवल सात प्रतिशत ही टेलीविजन अधिकारों से प्राप्त होता है। खाली स्टेडियमों में सत्र की शुरुआत करने पर हमें अच्छी खासी धनराशि का नुकसान होगा।’’
एएफपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY