देश की खबरें | संदिग्ध नक्सलियों ने की शिक्षक समेत दो ग्रामीणों की हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने एक स्थानीय शिक्षक समेत दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दंतेवाड़ा, 20 फरवरी छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने एक स्थानीय शिक्षक समेत दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोड़मा गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने बामन कश्यप (29) और अनीस राम पोयाम (38) की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात नक्सलियों का एक दल दंतेवाड़ा बीजापुर जिले की सीमा पर बसे गांव तोड़मा में प्राथमिक शाला के शिक्षादूत (स्थानीय शिक्षक) बामन कश्यप और ग्रामीण अनीस राम के घर पहुंचा और दोनों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में नक्सलियों ने दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गांव के करीब फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने दोनों पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को गांव के लिए रवाना किया गया है।
राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाकर ग्रामीणों की हत्या कर देते हैं।
इससे पहले दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने चार फरवरी को पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 30 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। वहीं, तीन फरवरी की रात में नक्सलियों ने पड़ोसी बीजापुर जिले में दो लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें से एक उनका पूर्व सहयोगी था।
नक्सलियों ने 26 जनवरी को बीजापुर के भैरमगढ़ इलाके में 41 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उस पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बारे में सूचना देने का आरोप लगाया गया था।
नक्सलियों ने 16 जनवरी को बीजापुर के मिरतुर इलाके में पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 48 वर्षीय शख्स का कत्ल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, दंतेवाड़ा सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में नक्सली हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में पिछले साल 68 नागरिक मारे गए थे।
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र समेत राज्य के 43 विकास खंडों में बृहस्पतिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण हो रहा है।
चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण में 26,988 वार्ड पंच, 3,774 सरपंच, 899 जनपद पंचायत सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हो रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 20, 2025 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

