मेदिनीनगर, 18 मई । झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार थानान्तर्गत स्थित मुख्य बाजार में सोमवार को बाहर से आए एक तीस वर्षीय मजदूर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी।
पलामू के नौडीहा प्रखण्ड के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर प्रसाद ने बताया
कि इस मजदूर की मौत नौडीहा बाजार थानान्तर्गत मुख्य बाजार में हुई। पुलिस
ने शव को अंत्यपरीक्षण हेतु पलामू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया
है।
डॉ. शंकर प्रसाद ने बताया कि, स्थानीय लोगों की सूचना पर वह मजदूर को देखने पंहुंचे, मगर उनके पहुंचने से पहले ही वह दम तोड़ चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर बाहर से आया था और जमीन पर
गिरकर अचानक तड़पने लगा। उसकी स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने
पुलिस एवं चिकित्सक को सूचना दी लेकिन जब तक वह पहुंचते मजदूर की मौत हो
चुकी थी।
डॉ. शंकर ने बताया कि अंत्यपरीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही
स्पष्ट हो सकेगा कि, मौत की असली वजह क्या है। स्थानीय लोगों ने कोरोना
संक्रमण का काल होने से प्रवासी मजदूर की मौत पर तरह-तरह की आशंकाएं
व्यक्त की हैं।
इस बीच नौडीहा बाजार थाना के सहायक उपनिरीक्षक शशि शेखर ने बताया
कि, मजदूर की शिनाख्त अबतक नहीं हो पायी है।
उन्होंने बताया कि, स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मजदूर
को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और वह अपनी कमजोर होती आवाज से ऐसा बोल रहा था ।
पुलिस ने बताया कि मजदूर किस राज्य से आया था वह इसकी जांच कर रही है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY