देश की खबरें | सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने केरल में दिखाया करतब
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय वायुसेना ने केरल सरकार के साथ मिलकर रविवार को यहां शंगुमुगम बीच पर सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (एसकेएटी) का करतब दिखाया।
तिरुवनंतपुरम, पांच फरवरी भारतीय वायुसेना ने केरल सरकार के साथ मिलकर रविवार को यहां शंगुमुगम बीच पर सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (एसकेएटी) का करतब दिखाया।
वायुसेना के दूत के रूप में चर्चित एसकेएटी को दुनिया में नौ विमानों के फॉर्मेशन वाली एरोबैटिक टीम होने का गौरव प्राप्त है। ऐसे मुठ्ठी भर ही देश हैं, जिनमें नौ विमानों के फॉर्मेशन वाली टीम है।
ग्रुप कैप्टन जी एस ढिल्लों के नेतृत्व में टीम ने नौ हॉक एमके132 विमानों को उड़ाया। इन विमानों को ब्रिटिश एयरोस्पेस द्वारा डिजाइन किया गया था, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा भारत में निर्मित किया गया और लाइसेंस प्रदान किया गया।
वायुसेना ने एक विज्ञप्ति में कहा, "एर्नाकुलम के मूल निवासी स्क्वाड्रन लीडर एलन जॉर्ज, सूर्य किरण टीम में केरल के एकमात्र पायलट थे।"
वर्ष 1996 में गठित टीम तब से भारतीय वायुसेना के आदर्श वाक्य "टच द स्काई विद ग्लोरी" को साकार कर रही है।
इस टीम ने भारत और कई अन्य देशों में 600 से अधिक बार प्रदर्शन किए हैं और ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ तथा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ से जुड़े विभिन्न समारोहों में फ्लाईपास्ट भी किया है।
इस अवसर पर राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी, तिरुवनंतपुरम के मेयर आर्य राजेंद्रन, दक्षिणी वायु कमान के एयर वाइस मार्शल एस के विधाते, ग्रुप कैप्टन सौरभ शिव और वायुसेना, थलसेना तथा राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
स्थानीय लोगों ने एसकेएटी के शानदार एरोबैटिक करतब का लुत्फ उठाया।
प्रदर्शन के बाद सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
भारतीय तटरक्षक ने भारतीय वायुसेना के कार्यक्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुद्र तट के बहुत करीब दो जहाजों-सी-427 और सी-441 को तैनात किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)