देश की खबरें | भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने वाले युवक का आत्मसमर्पण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार करने आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने के मामले में आरोपी अभिमन्यु यादव ने सोमवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

मऊ/लखनऊ (उप्र), 21 अगस्त जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार करने आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने के मामले में आरोपी अभिमन्यु यादव ने सोमवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

आरोपी का कहना है कि उसने भाजपा नेता प्रिंस यादव के कहने पर दारा सिंह चौहान पर काली स्याही फेंकी थी।

चौहान पर स्याही फेंकने के दूसरे दिन सोमवार को आरोपी अभिमन्यु यादव उर्फ मोनू उर्फ डायमंड ने कोपागंज थाने में आत्मसमर्पण करने से पहले संवाददाताओं को बताया ‘‘भाजपा नेता प्रिंस यादव ने कहा था कि अपना चुनाव फंस रहा है, इसलिए दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंक दो।’’

प्रिंस यादव ने इसे समाजवादी पार्टी की साजिश बताया है।

घोसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) धनंजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी अभिमन्यु उर्फ मोनू उर्फ डायमंड ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण किया है। मिश्रा के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि आरोपी तथा उसके साथी सपा के कार्यकर्ता हैं और पिछले विधानसभा चुनाव में उन लोगों ने सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे दारा सिंह चौहान के लिए काम किया था।

मिश्रा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।

सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में सोमवार को सोशल नेटवर्किंग साइट 'एक्‍स' पर कहा ‘‘जब घोसी में स्याही फेंकने वाले ने ख़ुद ही बता दिया कि यह काम उससे भाजपाइयों ने करवाया है तो फिर अब आगे और क्या कहना चाहिए। अभी आगे देखियेगा, हार का डर भाजपा से क्या-क्या कराएगा। घोसी की जनता सपा की साइकिल ही चुनेगी।’’

इससे पहले सपा प्रमुख ने रविवार को देर रात 'एक्‍स' पर कहा था ''अपने ने ही अपनों पर दाग लगाया… स्याही मामले में हर बार दोषी पकड़ा गया, पर इस बार हाथ क्यों नहीं आया? हारती हुई भाजपा सहानुभूति पाकर घोसी उपचुनाव जीतना चाहती है। यह खेल अब पुराना हो गया है, तथा जनता भी सब समझती है।''

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेश सिंह अत्री ने रविवार को बताया था कि चौहान कोपागंज ब्लाक में स्थित एक कॉलेज में जन चौपाल समाप्त होने के बाद दूसरे कार्यक्रम में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चौहान जब अदरी चट्टी में भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर कार से बाहर निकले, उसी दौरान अभिमन्यु यादव उर्फ मोनू यादव नामक युवक ने उनके ऊपर काली स्याही फेंक दी।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया। भाजपा प्रत्याशी चौहान ने इसे अपने खिलाफ विपक्ष की साजिश बताते हुए दावा किया कि उपचुनाव में उन्हें मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से घबराकर विपक्ष ने ऐसा किया है।

सपा के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने कहा कि यह सब सुनियोजित है और दारा सिंह चौहान ने खुद मामले का वीडियो बनवाकर करके उसे प्रसारित करवाया।

दारा सिंह चौहान 2022 में घोसी सीट से ही सपा के टिकट पर चुने गए थे मगर पिछले महीने वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए।

घोसी सीट चौहान के त्यागपत्र की वजह से रिक्त हुई है। इस बार वह भाजपा के टिकट पर इसी सीट से उम्मीदवार हैं और सपा के टिकट पर पूर्व विधायक सुधाकर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान पांच सितंबर को होगा और मतगणना आठ सितंबर को की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\