खेल की खबरें | मिलर के शतक पर सूर्यकुमार, राहुल की अर्धशतकीय पारियां भारी पड़ी, भारत ने टी20 श्रृंखला जीती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. डेविड मिलर की 47 गेंद में नाबाद 106 रन की पारी पर सूर्यकुमार यादव की 22 गेंद में 61 रन और लोकेश राहुल की 28 गेंद में 57 की पारियां भारी पड़ी जिससे भारत ने रनों के अंबार वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
गुवाहाटी, दो अक्टूबर डेविड मिलर की 47 गेंद में नाबाद 106 रन की पारी पर सूर्यकुमार यादव की 22 गेंद में 61 रन और लोकेश राहुल की 28 गेंद में 57 की पारियां भारी पड़ी जिससे भारत ने रनों के अंबार वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
भारत ने अपनी सरजमीं पर टी20 श्रृंखला में पहली बार दक्षिण अफ्रीका को हराया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 237 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। डेविड मिलर और क्विंटन डिकॉक (नाबाद 69) के बीच चौथे विकेट के लिए 90 गेंद में 174 रन की अटूट साझेदारी के बाद भी दक्षिण अफ्रीका की टीम तीन विकेट पर 221 रन बना सकी।
मिलर ने अपनी नाबाद पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाये। टी20 अंतरराष्ट्रीय उन्होंने दूसरी बार सैकड़ा जड़ा। डिकॉक ने 48 गेंद की पारी में तीन चौके और चार छक्के जड़े।
यह मुकाबला पूरी तरह से बल्लेबाजों के नाम रहा जहां मैच में कुल 458 रन बने और सिर्फ छह विकेट गिरे।
सूर्यकुमार ने 22 गेंद में 61 रन की पारी के दौरान पांच छक्के और इतने ही चौके जड़े। उन्होंने 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जो भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने इसके साथ ही विराट कोहली (नाबाद 49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 गेंद में 102 रन की साझेदारी की।
कोहली ने 28 गेंद की नाबाद पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने इस दौरान टी20 करियर (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में 11000 रन पूरे किये। उनके नाम अब 11030 रन है।
इससे पहले मैन ऑफ द मैच राहुल ने 28 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 57 रन बनाने के साथ शुरुआती विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा (37 गेंद में 43 रन) के साथ 10 ओवर के अंदर 96 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलायी।
आखिरी ओवर में दिनेश कार्तिक (सात गेंद में नाबाद 17 रन) ने कगिसो रबाडा के खिलाफ चौका और फिर दो छक्के जड़कर टीम के स्कोर को 237 तक पहुंचाया।
भारतीय टीम ने अपनी पारी में 25 चौके और 13 छक्के लगाये। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में महज 23 रन दिये और दो विकेट चटकाये। रबाडा, वेन पार्नेल और लुंगी एनगिडी ने चार-चार ओवर के अपने कोटे में क्रमश: 57, 54 और 49 रन लुटाये। एनरिच नोर्खिया ने तीन ओवर में 41 रन दिये।
दीपक चाहर (चार ओवर में 24 रन) के अलावा भारतीय गेंदबाजों ने भी जमकर रन लुटाये। अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 62 रन देकर दो विकेट लिये तो वही अक्षर पटेल ने चार ओवर में 53 रन देकर एक विकेट लिया। रविचंद्रन अश्विन ने चार ओवर में 37 तो वहीं हर्षल पटेल ने 45 रन खर्च किये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को पारी के दूसरे ओवर में दो झटके लगे। अर्शदीप ने कप्तान तेम्बा बावुमा और राइली रूसो को खाता खोले बगैर पवेलियन भेजा।
पिछले मैच में लय में दिखे एडन मार्क राम ने एक बार फिर 19 गेंद में 33 रन की उपयोगी पारी खेली। वह चार चौके और एक छक्का जड़ने के बाद अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हुए।
इसके बाद डेविड मिलर ने एक छोर से आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे तो वहीं दूसरे छोर से सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक संघर्ष कर रहे थे।
दक्षिण अफ्रीका की टीम 10 ओवर में तीन विकेट पर 70 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी लेकिन मिलर ने 11वें ओवर में हर्षल पटेल के खिलाफ दो चौके और अगले ओवर में रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ दो छक्के लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये।
उन्होंने 14वें ओवर में अर्शदीप के खिलाफ छक्का लगाकर 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
अब तक संघर्ष कर रहे डिकॉक ने 15वें ओवर में अक्षर के खिलाफ दो छक्के और चौका लगाकर मैच का रोमांच बढ़ाया। दक्षिण अफ्रीका ने इस ओवर से 18 रन बटोरे।
मिलर ने इसके बाद 19वें ओवर में अर्शदीप के खिलाफ 26 रन बटोरे जिससे दक्षिण अफ्रीका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 37 रन चाहिये थे।
अक्षर ने शुरुआती गेंद पर एक रन देकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। मिलर ने हालांकि इसके बाद लगातार दो छक्के लगाकर 46 गेंद में अपना शतक पूरा किया।
इससे पहले टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पिछले कुछ मैचों में धीमी पारी के लिए आलोचना झेलने वाले राहुल ने पहली गेंद पर ही रबाडा के खिलाफ चौका जड़ा।
श्रृंखला के पहले मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे रोहित ने तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आये एनगिडी के खिलाफ टीम का पहला छक्का जड़ा।
दोनों ने इसके बाद पार्नेल, रबाडा और केशव महाराज के अगले तीन ओवरों में आक्रामक रूख अख्तियार कर पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 57 रन कर दिया।
पावरप्ले के बाद भी राहुल की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। उन्होंने सातवें और नौवें ओवर में नोर्खिया के खिलाफ छक्का जड़ा। नौवें ओवर में नोर्खिया के खिलाफ दोनों 21 रन बटोरे जिसमें रोहित ने भी दो चौका लगाया।
रोहित 10वें ओवर में महाराज की गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर ट्रिब्स्टन स्टब्स के द्वारा लपके गये। उन्होंने 37 गेंद की पारी में सात चौकों के साथ एक छक्का लगाया।
राहुल ने अगले ओवर में एडेन मार्कराम के खिलाफ छक्का जड़कर 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि पारी के 12वें ओवर में महाराज का दूसरा शिकार बने।
इसके बाद क्रीज पर विराट कोहली की मौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सभी गेंदबाजों के खिलाफ मनमाफिक रन बटोरे जिसमें 15वें ओवर में रबाडा के खिलाफ दो छक्के और इतने ही चौके जड़े। इस ओवर से 22 रन बने।
सूर्यकुमार ने 17वें ओवर में पार्नेल के खिलाफ दो छक्का लगाकर 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल का उनका 50 वां छक्का था और वह सूची में शीर्ष पर है। इसी ओवर में कोहली ने भी छक्का और फिर दो चौके जड़े। टीम ने पार्नेल के इस ओवर से 23 रन बटोरे।
पारी के 19वें ओवर में सूर्यकुमार कोहली के साथ गफलत का शिकार होकर रन आउट हो गये। उन्होंने कोहली के साथ 43 गेंद में 102 रन की साझेदारी की।
क्रीज पर आये कार्तिक ने रबाडा के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
यह मैच कुप्रबंधन का भी शिकार रहा। दक्षिण अफ्रीका की पारी के तीसरे ओवर में फ्लड लाइट के एक टावर की बत्ती गुल होने के कारण खेल 18 मिनट तक रुका रहा तो वही। भारतीय पारी के दौरान मैदान में एक्स्ट्रा कवर क्षेत्र पर एक सांप निकलने के कारण खेल पांच मिनट तक रोकना पड़ा। मैदानकर्मी ने बाल्टी की मदद से सांप को मैदान से बाहर किया।
आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 02, 2022 11:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

