खेल की खबरें | सुरेश रैना ‘व्यक्तिगत कारणों’ से आईपीएल से हटे, सीएसके का एक और खिलाड़ी कोविड-19 पॉजिटिव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के हरफनमौला सुरेश रैना ‘व्यक्तिगत कारणों’ का हवाला देते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी चरण से हट गये।

दुबई, 29 अगस्त चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के हरफनमौला सुरेश रैना ‘व्यक्तिगत कारणों’ का हवाला देते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी चरण से हट गये।

टीम की मुश्किले कम नहीं हो रही है। अब एक और बल्लेबाज कोविड-19 जांच में इस बीमारी से संक्रमित मिला है।

यह भी पढ़े | IPL 2020: सुरेश रैना नहीं खेलेंगे आईपीएल 2020, UAE से वापस इंडिया लौटने का लिया फैसला.

इससे पहले भारतीय टीम के टी20 विशेषज्ञ तेज गेंदबाज सहित उसके दल के 12 सदस्य कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आये हैं।

जिस बल्लेबाज की संक्रमित होने की खबर मिल रही है वह दांए हाथ का शीर्ष क्रम का बल्लेबाज है और पिछले कुछ समय से भारत ए टीम का सदस्य रहा है। इस खिलाड़ी ने रणजी ट्राफी में काफी रन बनाये हैं।

यह भी पढ़े | केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने रिकार्ड 74 खिलाड़ियों को खेल पुरस्कार देने के सरकार के फैसले का किया बचाव.

रैना के आईपीएल से हटने के बारे में फ्रेंचाइजी ने शनिवार को जानकारी दी।

सीएके ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने बयान ट्वीट कर बताया, ‘‘ सुरेश रैना निजी कारणों से भारत लौट आये हैं और आईपीएल के शेष सत्र के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स इस दौरान सुरेश और उनके परिवार को पूरा समर्थन देगा।’’

उम्मीद है कि रैना (33 वर्ष) आज बयान जारी कर इसकी जानकारी देंगे। फ्रेंचाइजी से जुड़े सूत्र ने कहा कि आईपीएल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल रैना को अपने परिवार के साथ समय देने की जरूरत थी।

रैना ने इस महीने 15 तारीख को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।

टीम ने कोविड-19 के 13 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद पृथकवास अवधि को एक सितंबर तक बढ़ा दिया।

सीएसके शिविर से जुड़े एक सूत्र ने गोपनीयता के शर्त पर बताया, ‘‘ सुरेश की अनुपस्थिति सीएसके के लिए एक बड़ा झटका होगा और इसके साथ ही वह आईपीएल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक है। मौजूदा समय में अगर कोई भी खिलाड़ी शत प्रतिशत महसूस नहीं करता है और उसकी कुछ अन्य जरूरी प्राथमिकताएं हैं, तो कोई भी टीम उसका सम्मान करती है और सीएसके उससे अलग नहीं है।’’

आधिकारिक तौर पर हालांकि रैना की स्थिति के बारे में कुछ साफ नहीं है लेकिन अटकलें लगाई जा रहीं है कि टीम में कोविड-19 के बढ़ते मामलों से वह परेशान थे।

हालांकि समझा जाता है कि टूर्नामेंट अभी खतरे में नहीं है, लेकिन एक फ्रेंचाइजी ‘कोविड-19 हॉटस्पॉट’ बन रही है, जो धीरे-धीरे अन्य टीमों के साथ-साथ बीसीसीआई के लिए भी एक मुद्दा बन रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ अगर सिर्फ एक टीम में 13 मामले हैं तो यह सभी के लिए एक मुद्दा है। सबसे बड़ा पहलू यह होगा कि क्या विदेशी क्रिकेटर अब घबराने लगेंगे क्योंकि वे इन मुद्दों को लेकर अधिक सतर्क रहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य पर नजर रखनी होगी।’’

भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण आईपीएल के आगामी सत्र का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में 19 सितंबर से हो रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\