देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त करने के खिलाफ याचिकाओं पर सितंबर में सुनवाई करेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि वह मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद और अन्य द्वारा दायर उन याचिकाओं पर सितंबर में सुनवाई करेगा, जिनमें विभिन्न राज्य सरकारों को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि दंगे और हिंसा के मामलों में आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त न किया जाए।

नयी दिल्ली, 10 जुलाई उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि वह मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद और अन्य द्वारा दायर उन याचिकाओं पर सितंबर में सुनवाई करेगा, जिनमें विभिन्न राज्य सरकारों को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि दंगे और हिंसा के मामलों में आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त न किया जाए।

न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला की पीठ ने इन याचिकाओं पर सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ वकील दुष्यंत दवे ने पीठ से कहा कि इस मुद्दे पर कानून को स्पष्ट किया जाना चाहिए क्योंकि ‘‘अब कानून की परवाह किए बिना लोगों के घरों को तोड़ने का यह देश भर में चलन बन चुका है।’’

उन्होंने मध्य प्रदेश के सीधी जिले की हालिया घटना का जिक्र किया, जहां एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने वाले ऊंची जाति के आरोपी के मकान के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया।

दवे ने माना कि व्यक्ति का कृत्य घृणित था और उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आप जाकर उसका घर नहीं तोड़ सकते। उसके परिवार के बारे में क्या?’’ दवे ने कहा, ‘‘देश में हर जगह, इस शक्ति का प्रयोग करना चलन बन गया है।’’

जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में सांप्रदायिक झड़पों के बाद इमारतों को ध्वस्त करने के मुद्दे पर शीर्ष अदालत में एक याचिका दायर की थी। दवे ने शीर्ष अदालत के आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि आश्रय का अधिकार जीवन का अधिकार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में समाज के एक विशेष वर्ग को निशाना बनाकर घरों को गिराया गया।

पीठ ने कहा कि दिल्ली मामले में संबंधित प्राधिकारी ने एक नोटिस जारी किया था जिसमें अतिक्रमण हटाने के संयुक्त कार्यक्रम की बात कही गयी। पीठ ने कहा, ‘‘सबसे पहले, इसकी पुष्टि होनी चाहिए कि जिस संपत्ति को हम ध्वस्त करना चाहते हैं वह एक अनधिकृत संरचना है, इसलिए इसे ध्वस्त करने की जरूरत है।’’

पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ताओं के मामले से ऐसा प्रतीत होता है कि अतिक्रमण हटाने की आड़ में कुछ निजी हित साधे जा रहे हैं और औचक रूप से इमारतों को ध्वस्त किया गया।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने उत्तर प्रदेश से जुड़े एक मामले में दाखिल हलफनामे का जिक्र किया। उन्होंने पीठ को बताया कि हलफनामे में कहा गया है कि केवल इसलिए कि किसी व्यक्ति पर किसी अपराध का हिस्सा होने का आरोप है, यह कभी भी ऐसा आधार नहीं हो सकता जिससे उसकी अचल संपत्ति को ध्वस्त किया जा सके।

मेहता ने याचिकाकर्ताओं के इस दावे का भी खंडन किया कि तोड़ फोड़ अभियान के दौरान समाज के एक विशेष वर्ग के ढांचों को निशाना बनाया गया था।

पीठ ने कहा कि वह सितंबर में सोमवार और शुक्रवार को छोड़कर किसी कामकाजी दिन याचिका पर सुनवाई करेगी। उच्चतम न्यायालय में सोमवार और शुक्रवार को केवल ताजा याचिकाएं सुनवाई के लिए ली जाती हैं, वहीं मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को पहले से चल रहे नियमित मामलों में सुनवाई होती है।

पिछले साल 20 अप्रैल को, शीर्ष अदालत ने जमीयत उलेमा-ए-हिंद की याचिका पर गौर करने के बाद दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान को रोक दिया था। संगठन ने आरोप लगाया था कि मुस्लिम दंगा आरोपियों की इमारतों को तोड़ा जा रहा है।

पिछले साल जुलाई में, शीर्ष अदालत ने विभिन्न राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त करने पर रोक लगाने के लिए कोई अंतरिम निर्देश पारित करने से इनकार कर दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\