एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों को कर्नाटक और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने की सिफारिश की।

देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की

नयी दिल्ली, 13 मार्च उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों को कर्नाटक और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने की सिफारिश की।

प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले पांच-सदस्यीय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव के किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने के अनुरोध पर उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया।

कॉलेजियम ने अपने प्रस्ताव में कहा, “चार मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने किसी अन्य उच्च न्यायालय में स्थानांतरण का अनुरोध किया है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश करता है।”

कॉलेजियम में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी.आर. गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस भी शामिल हैं।

कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की भी सिफारिश की।

प्रस्ताव में कहा गया है, “तीन मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने किसी अन्य न्यायालय में स्थानांतरित होने की इच्छा व्यक्त की है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम ने न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश का निर्णय लिया है।”

दो न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश यदि केंद्र द्वारा स्वीकार कर ली जाती है, तो दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या घटकर 40 हो जाएगी। उच्च न्यायालय में 15 अतिरिक्त न्यायाधीशों सहित 60 न्यायाधीशों की स्वीकृत शक्ति है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 13, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).