एजेंसी न्यूज

आपूर्ति श्रृंखलाओं का अमेरिका में हो निर्माण : ट्रंप

आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधा और जरूरत के सामान एवं मलेरिया की दवा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन समेत अन्य दवाओं को लेकर अन्य देशों पर अमेरिका की निर्भरता के बीच ट्रंप की यह टिप्पणी काफी महत्त्वपूर्ण है।

आपूर्ति श्रृंखलाओं का अमेरिका में हो निर्माण : ट्रंप

वाशिंगटन, 21 अप्रैल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से जो एक सबक सीखने को मिला है वह यह है कि अमेरिका को देश के भीतर आपूर्ति श्रृंखलाओं (सप्लाई चेन) का निर्माण करना चाहिए।

आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधा और जरूरत के सामान एवं मलेरिया की दवा हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन समेत अन्य दवाओं को लेकर अन्य देशों पर अमेरिका की निर्भरता के बीच ट्रंप की यह टिप्पणी काफी महत्त्वपूर्ण है।

सप्लाई चेन या आपूर्ति श्रृंखला किसी वाणिज्यिक सामान के उत्पादन से लेकर बिक्री तक की प्रक्रिया को कहा जाता है।

अमेरिका अपने ज्यादातर औषधीय उत्पादों का निर्यात भारत और चीन से करता है।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस प्रेस वार्ता में सोमवार को कहा, “इस वैश्विक महामारी ने घर में ही जरूरी आपूर्ति श्रृंखलाओं के होने का महत्व समझाया है। हम अपनी स्वतंत्रता को बाहरी स्रोत से सेवा लेने पर निर्भर नहीं रख सकते। हम अन्य देशों पर आश्रित नहीं रह सकते।”

राष्ट्रपति ने कहा, “अगर हमने कोई एक बात सीखी है तो वह है कि यहीं पर यह करना होगा, इसका निर्माण यहीं करना होगा। हमारा देश विश्व का सबसे महान देश है। हमने अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को वापस लाने का काम शुरू करना होगा।”

ट्रंप शुरू से ही अमेरिका में वस्तुओं के उत्पादन की जरूरत पर जोर देते रहे हैं।

इस बीच, सांसद टॉम कार्पर और पैट टूमी ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइथाइजर को पत्र लिखकर ट्रंप प्रशासन से उन अमेरिकी उत्पादकों को शुल्क में छूट देने की अपील की है जो अत्यावश्क चिकित्सीय एवं निजी सुरक्षात्मक उपकरण का उत्पादन करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 09:55 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).