देश की खबरें | सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर कुछ नहीं करने का आरोप लगाया, ‘आप’ के लिए मांगे वोट

चंडीगढ़, एक सितंबर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रविवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर 10 साल में कुछ नहीं करने का आरोप लगाया और लोगों से ''नया हरियाणा'' बनाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देने का आग्रह किया।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव पांच अक्टूबर को होंगे और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

हरियाणा के चरखी दादरी में सभा को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने भाजपा के 10 साल के कार्यकाल के दौरान स्कूली शिक्षा व सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई सुधार देखा है।

उन्होंने पूछा, "क्या आपको चौबीस घंटे मुफ्त बिजली मिल रही है?”

सुनीता केजरीवाल ने दावा किया कि 10 साल में भाजपा ने कुछ नहीं किया।

अरविंद केजरीवाल को ‘हरियाणा का लाल’ बताते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा, “बीस साल पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि हरियाणा का लाल दिल्ली का मुख्यमंत्री बनेगा।”

उन्होंने कहा, “यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।”

सुनीता ने कहा, “वह (केजरीवाल) 16 अगस्त 1968 को जन्मे थे। जिन दिन उनका जन्म हुआ, उस दिन कृष्ण जन्माष्मी थी। मुझे लगता है कि भगवान ने केजरीवाल को कुछ विशेष करने के लिए भेजा है।”

सुनीता केजरीवाल ने लोगों से आग्रह किया कि मतदान के दौरान एक भी वोट भाजपा को नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आप सभी को 'झाड़ू' (आप का चुनाव चिह्न) अवश्य दबाना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल नहीं बल्कि हरियाणा के सम्मान का सवाल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)