विदेश की खबरें | अमेरिका के पोर्टलैंड शहर में गर्मी के रिकॉर्ड टूटे

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शहर के निवासियों को इतिहास की सबसे भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। शहर में लू चलने से पारा बहुत अधिक बढ़ गया है। दुकानों में पोर्टेबल एयर कंडीशनरों और पंखों की आपूर्ति मांग से कम पड़ गई है, अस्पतालों ने बाहर टीकाकरण शिविर रद्द कर दिए हैं, शहरों में कूलिंग केंद्र खुल गए हैं और बेसबॉल खेल प्रतियोगिताएं रद्द कर दी गयी हैं।

राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, पोर्टलैंड में शनिवार दोपहर को तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ओरेगन के सबसे बड़े शहर में इससे पहले 1965 और 1981 में अधिक गर्मी पड़ी थी और तब तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सिएटल में शनिवार को तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिससे वह जून में सबसे गर्म दिन बन गया और इतिहास में केवल चौथी बार शहर में तापमान 100 डिग्री फेरेनहाइट के पार चला गया है।

रविवार और सोमवार को और अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान है जिससे कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं। सिएटल में 2009 में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

पूर्वी वाशिंगटन स्टेट से लेकर पोर्टलैंड तक के अन्य शहरों में गर्मी के रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)