एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | सुमित अंतिल, प्रीति पाल ने भारतीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन स्वर्ण जीते

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दो बार के पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने शुक्रवार को यहां सातवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की भाला फेंक (एफ12 एवं एफ64) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

खेल की खबरें | सुमित अंतिल, प्रीति पाल ने भारतीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन स्वर्ण जीते

बेंगलुरु, 11 जुलाई दो बार के पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने शुक्रवार को यहां सातवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की भाला फेंक (एफ12 एवं एफ64) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

हरियाणा के अंतिल ने 72.25 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके राज्य के मंजीत ने 54.56 मीटर के शानदार प्रयास के साथ रजत पदक जीता, जबकि एसएससीबी (सेना खेल संवर्धन बोर्ड) के प्रदीप कुमार ने 45.17 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

यह चैंपियनशिप काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह इस साल के आखिर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित नयी दिल्ली 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने वाले भारतीय दल का चयन यहां के प्रदर्शन पर काफी निर्भर करेगा।

हरियाणा का स्वर्णिम प्रदर्शन एफ40 एवं एफ41 भाला फेंक वर्ग में भी जारी रहा। पेरिस पैरालंपिक चैंपियन नवदीप सिंह ने 42.63 मीटर भाला फेंककर शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रिंस ने 31.90 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक जीता और दिल्ली के रितेन्द्र ने 30.85 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

भाला फेंक एफ 46 वर्ग में राजस्थान के सुंदर सिंह गुर्जर ने 64.53 मीटर के थ्रो के पहला स्थान हासिल किया जबकि हरियाणा के रिंकू हुड्डा (63.98 मीटर) उत्तर प्रदेश के अजीत सिंह (63.25 मीटर) को काफी कम अंतर से पछाड़कर दूसरे पायदान पर रहे।

ट्रैक स्पर्धाओं में महिलाओं की 100 मीटर (टी 35, टी 37 और टी 42) दौड़ में उत्तर प्रदेश की प्रीति पाल ने 15 सेकंड की प्रभावशाली स्प्रिंट के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनके बाद गुजरात की बीना मोर्दिया रहीं जिन्होंने 17.20 सेकंड का समय लिया, जबकि हरियाणा की अवनी ने 20.40 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 100 मीटर (टी12 और टी 13) वर्ग में उत्तर प्रदेश की सिमरन ने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए 12.30 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की जानकी ओरम (14.20 सेकंड) और गोवा की साक्षी काले (14.90 सेकंड) उनसे पीछे रहीं।

पुरुषों के शॉट पुट (एफ 56 और एफ 57) में, एसएससीबी ने सूपड़ा साफ किया। होकातो सेमा ने 14.88 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, उसके बाद सोमन राणा (14.66 मीटर) और शुभम जुयाल (13.58 मीटर) रहे।

तेलंगाना की दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर (टी 11, टी 12, टी 13 और टी 20) स्पर्धा में 56.70 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक से दबदबा बनाया। गुजरात की दामोर तेजल अमराजी (58.70 सेकंड) और हरियाणा की भुवी अग्रवाल (1:09.60) ने पोडियम पूरा किया।

पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा (एफ 55 और एफ 56) में तमिलनाडु के मुथुराजा कराईयलन ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि हरियाणा के योगेश कथुनिया और रमन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).