एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सुले ने संभाजी ब्रिगेड नेता पर हमले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने संभाजी ब्रिगेड के संस्थापक सदस्य प्रवीण गायकवाड पर हुए हमले की सोमवार को निंदा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

देश की खबरें | सुले ने संभाजी ब्रिगेड नेता पर हमले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

पुणे, 14 जुलाई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने संभाजी ब्रिगेड के संस्थापक सदस्य प्रवीण गायकवाड पर हुए हमले की सोमवार को निंदा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुणे में सुले ने संवाददाताओं से कहा कि यह ‘‘हैरान करने वाली बात है’’ कि घटना की गंभीरता के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस ने पहले बताया था कि श्री दत्तात्रेय के अवतार माने जाने वाले स्वामी समर्थ पर कथित टिप्पणी को लेकर एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सोलापुर जिले के अक्कलकोट गांव में गायकवाड़ के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उन पर स्याही फेंकी।

एक वीडियो में देखा जा सकता है कि गायकवाड़ को कुछ लोगों द्वारा उनकी कार से बाहर खींच लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।

बाद में पुलिस ने दीपक काटे और शिवधर्म फाउंडेशन के छह अन्य सदस्यों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दंगा करने के आरोप में मामला दर्ज किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस द्वारा नोटिस जारी करने के उपरांत उन्हें छोड़ दिया गया।

सुले ने कहा, ‘‘घटना के बाद, मैंने और (राकांपा-शरद पवार) पवार (शरद) साहब ने प्रवीण दादा से बात की। मैंने सोलापुर जिले के पुलिस अधीक्षक से भी बात की। मैं इस हमले की निंदा करती हूं और यह हैरान करने वाली बात है कि हमलावर के खिलाफ अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।’’

गायकवाड के इस आरोप पर कि यह उनकी हत्या का प्रयास था, सुले ने कहा कि स्थानीय पुलिस का दावा है कि हमले के समय मुख्य आरोपी के पास एक पिस्तौल थी।

उन्होंने कहा, ‘‘इस व्यक्ति के खिलाफ पहले भी कई अपराध दर्ज हैं। एक बार हवाई अड्डे पर उसके पास से एक पिस्तौल या कारतूस बरामद किए गए थे। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

सुले ने दावा किया कि मौजूदा सत्ताधारी व्यवस्था में इस तरह की ‘‘हिंसक प्रवृत्तियां’’ और बढ़ गई हैं।

उन्होंने पिछले हफ्ते मुंबई में एक छात्रावास कैंटीन के एक कर्मचारी पर शिवसेना के एक विधायक द्वारा किए गए हमले का अप्रत्यक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आज सत्ता में बैठे लोग ऐसे व्यवहार करते हैं जैसे उन्हें कुछ भी करने की छूट है -चाहे वह दूसरों को अपशब्द कहना हो या मतदाताओं पर हमला करना। ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और यह महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है।’’

बारामती की सांसद ने कहा कि राज्य स्तर पर कार्रवाई न होने पर वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगी।

इससे पहले, महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा का गायकवाड पर हुए हमले से कोई लेना-देना नहीं है।

बावनकुले की यह टिप्पणी रविवार को गायकवाड पर हमले के मामले में आरोपी दीपक काटे के साथ उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आई है।

कुछ तस्वीरों में बावनकुले के साथ काटे के देखे जाने के बारे में पूछे जाने पर सुले ने कहा कि ऐसे सवाल गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पूछे जाने चाहिए।

मीडिया के एक वर्ग में राकांपा (शरद पवार) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल के अपने पद से इस्तीफा देने की खबरों पर सुले ने कहा कि उन्होंने इस बारे में केवल मीडिया से ही सुना है और इस मामले पर कोई आंतरिक चर्चा नहीं हुई है।

शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष को लेकर जारी अटकलों के बीच राकांपा (एसपी) ने मंगलवार को अपनी आमसभा की बैठक बुलाई है।

मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों में दावा किया गया है कि पाटिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी के विधान परिषद सदस्य शशिकांत शिंदे उनकी जगह लेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).