चीनी निर्यात आने वाले दिनों में सामान्य होने की उम्मीद : इस्मा
सरकार ने विपणन वर्ष 2019-20 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए 60 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी है।
नयी दिल्ली, 18 मई भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) को कोविड-19 के चलते आवागमन व व्यापार पर लागू पबंदियों में राहत के बाद आने वाले दिनों में देश का चीनी निर्यात सामान्य होने की उम्मीद है।
सरकार ने विपणन वर्ष 2019-20 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए 60 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी है।
बाजार सूत्रों के हवाले से इस्मा ने कहा कि मई की शुरुआत तक विदेश से 42 लाख टन चीनी के ऑर्डर मिले हैं। मिलों और बंदरगाहों से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 36 लाख टन चीनी का निर्यात किया जा चुका है।
इस्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘ विभिन्न देशों के साथ चीनी निर्यात के सौदे हुए हैं। इंडोनेशिया और ईरान से चीनी के बड़े ऑर्डर मिले हैं। निर्यात के लिए जहाजों का आवागमन आने वाले दिनों में सामान्य होने की उम्मीद है।’’
फरवरी में इस्मा ने चीनी निर्यात चालू विपणन वर्ष में 50 लाख टन से ऊपर रहने की उम्मीद जतायी थी।
विपणन वर्ष 2018-19 में देश का चीनी निर्यात 38 लाख टन था।
इस्मा के मुताबिक चालू विपणन वर्ष के दौरान 15 मई तक देश का चीनी उत्पादन 2.65 करोड़ टन पहुंच गया। यह पिछले साल इस दौरान 3.26 करोड़ टन के उत्पादन से बहुम कम है।
हालांकि देश के सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में 15 मई तक चीनी उत्पादन रिकॉर्ड 1.22 करोड़ टन पर पहुंच गया। यह पिछले साल की इसी अवधि के 1.16 करोड़ टन से अधिक है।
इस्मा ने कहा कि राज्य के मध्य और पश्चिमी हिस्से में मिलों का परिचालन जारी है। हालांकि पूर्वी हिस्से में मिलें बंद हैं और इनके इस माह के अंत तक जबकि कुछ के जून के पहले हफ्ते तक बंद रहने की संभावना है।
देश के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में 15 मई तक उत्पादन घटकर 60.8 लाख टन रह गया। जबकि पिछले विपणन वर्ष की इसी अवधि में यह 1.07 करोड़ टन था।
कर्नाटक देश का तीसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य है। यहां इस साल अब तक 33.8 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। राज्य में चीनी मिलें अप्रैल तक बंद हो जाती हैं। कुछ मिलों के जुलाई 2020 में फिर से खुलने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 04:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

