एजेंसी न्यूज

छात्राओं ने दिखाई सफूरा के साथ एकजुटता, ट्रोल्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की

सफूरा दिल्ली दंगों के संबंध में जेल में बंद हैं। वह गर्भवती हैं। उन्हें अपने अजन्मे बच्चे के पिता की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर ''बदनाम'' किया जा रहा है, जिसका विरोध करते हुए छात्राओं ने ट्रोल्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।

छात्राओं ने दिखाई सफूरा के साथ एकजुटता, ट्रोल्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की
जमात

नयी दिल्ली, सात मई जेएनयू समेत विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों की छात्राओं ने जेल में बंद जामिया मिल्लिया इस्लामिया की छात्रा सफूरा जरगर के प्रति बृहस्पतिवार को एकजुटता दिखाई।

सफूरा दिल्ली दंगों के संबंध में जेल में बंद हैं। वह गर्भवती हैं। उन्हें अपने अजन्मे बच्चे के पिता की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर ''बदनाम'' किया जा रहा है, जिसका विरोध करते हुए छात्राओं ने ट्रोल्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।

छात्राओं ने सोशल मीडिया पर ''विद सफूरा अगेंस्ट स्लेंडर'' हैशटेग के साथ ट्वीट करते हुए मांग की कि सफूरा को ''बदनाम'' करना बंद किया जाए।

इस दौरान, कुछ छात्राओं ने हाथ में प्लेकार्ड लिये अपनी तस्वीरें भी साझा कीं। प्लेकार्ड पर 'सफूरा को रिहा करो', 'उस पर लगे आरोप खत्म करो' जैसे नारे लिखे थे।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष आईशी घोष ने जरगर की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ''एक छात्रा को सलाखों के पीछे रखकर बदनाम किया जा रहा है। क्या इससे हमारा देश महान बनेगा? कपिल मिश्रा को गिरफ्तार करो।''

दिल्ली महिला आयोग ने जरगर को सोशल मीडिया पर ''बदनाम'' किये जाने को लेकर बुधवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया की मीडिया को-ऑर्डिनेटर जरगर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद में फरवरी में हुए संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनों के संबंध में अप्रैल में गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद जरगर के खिलाफ उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सीएए को लेकर हुई सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर, उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).