देश की खबरें | जेएनयू के छात्रावास में बाथरूम की छत गिरने से छात्र घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रावास में बृहस्पतिवार सुबह बाथरूम की छत का एक हिस्सा गिरने से एक छात्र घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रावास में बृहस्पतिवार सुबह बाथरूम की छत का एक हिस्सा गिरने से एक छात्र घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह हादसा जेएनयू के साबरमती छात्रावास में हुआ।

इस घटना के कुछ घंटे बाद विश्वविद्यालय ने कहा कि उसे छात्रावास की मरम्मत के लिए 56.34 करोड़ रुपये मिले हैं।

विश्वविद्यालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जेएनयू को छात्रावास की मरम्मत और रखरखाव के लिए 56.34 करोड़ रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। कुलपति प्रोफेसर शांतिश्री डी पंडित छात्र केंद्रित और मैत्रीपूर्ण प्रशासन के अपने मिशन को ध्यान में रखते हुए, अनुदान जारी करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग तथा शिक्षा मंत्रालय को धन्यवाद देती हैं।”

अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा) के मुताबिक इस हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है।

आइसा की कार्यकर्ता मधुरिमा कुंडू ने कहा, ‘‘ इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। यह छात्रावास के वार्डन और डीन की ओर से आपराधिक लापरवाही का एक स्पष्ट मामला है।’’

आइसा नेता मधुरिमा कुंडू ने कहा, ‘‘हमने बार-बार छात्रावास के जीर्ण-शीर्ण बुनियादी ढांचे और अधिकारियों के सामने छत के हिस्से गिरने का मुद्दा उठाया , लेकिन जेएनयू प्रशासन धन की कमी होने का हवाला देकर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रहा है।’’

इससे पहले विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नमी के कारण बाथरूम की छत का हिस्सा गिर गया। इस हादसे में जर्मन की पढ़ाई करने वाला बीए द्वितीय वर्ष का एक छात्र घायल हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\