देश की खबरें | छात्र समूहों ने जामिया परिसर को खोलने की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विभिन्न छात्र समूहों ने जामिया मिलिया इस्लामिया से दिल्ली में कोविड-19 महामारी की स्थिति में सुधार होने के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर खोलने की अपील की है।
नयी दिल्ली, 21 सितंबर विभिन्न छात्र समूहों ने जामिया मिलिया इस्लामिया से दिल्ली में कोविड-19 महामारी की स्थिति में सुधार होने के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर खोलने की अपील की है।
दिल्ली विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय जैसे अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों ने चरणबद्ध तरीके से अपने परिसरों को खोला है लेकिन जामिया मिलिया इस्लामिया ने इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की है।
एक संयुक्त बयान में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), कैम्पस फ्रंट ऑफ इंडिया, स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ), स्टूडेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और अन्य ने जल्द से जल्द जामिया मिलिया इस्लामिया को खोलने की मांग की है।
बयान में कहा गया है, ‘‘कोविड-19 महामारी की वजह से लागू लॉकडाउन के कारण लगभग दो साल से विद्यार्धी विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों परिसरों के बंद रहने से समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कभी कोविड-19 के मामलों में वृद्धि और स्वास्थ्य संबंधी कारणों की वजह से सभी परिसरों को बंद करना अनिवार्य था। लेकिन, अब स्थिति पूरी तरह से बदल गई है।’’
विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों के साथ एक बैठक में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) और विज्ञान जैसे पाठ्यक्रमों (जिनमें प्रायोगिक कार्य की जरूरत होती है) के छात्रों को पुस्तकालय और प्रयोगशाला में जाने की अनुमति देने के संबंध में निर्णय लिया गया।
उन्होंने दावा किया कि परिसर को खोलने के संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। इसी बीच छात्रों के समूह ने कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर से मुलाकात की लेकिन यह सफल नहीं रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)