जरुरी जानकारी | अधिकांश खाद्यतेल तिलहनों में मजबूती का रुख

नयी दिल्ली, 30 जून देश में खरीफ मौसम में 30 जून तक सोयाबीन, सूरजमुखी और कपास की खेती का रकबा घटने के बीच शुक्रवार को दिल्ली तेल तिलहन बाजार में मूंगफली तेल तिलहन को छोड़कर अधिकांश तेल तिलहन कीमतों में मजबूती दिखी।

बाजार के जानकार सूत्रों ने कहा कि शिकागो और मलेशिया एक्सचेंज के मजबूत होने तथा किसानों के देशी तेल तिलहन की सस्ते दाम पर बिकवाली से परहेज करने से सरसों एवं सोयाबीन तेल तिलहन, कच्चा पामतेल एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल कीमतों में सुधार दर्ज हुआ। पहले से महंगी मूंगफली तेल तिलहन कीमतें पूर्वस्तर पर बनी रहीं।

मलेशिया एक्सचेंज में 0.8 प्रतिशत की तेजी है जबकि शिकागो एक्सचेंज अभी 3.5 प्रतिशत मजबूत बना हुआ है।

सूत्रों ने कहा कि शिकागो एक्सचेंज के मजबूत होने के बावजूद देश में तेल तिलहनों के भाव उसके अनुरूप मजबूत नहीं हुए हैं। सूरजमुखी तेल सबसे सस्ता होने से इसका भारी मात्रा में आयात हुआ है और आगे भी इसका आयात होने की उम्मीद है। यह सस्ता आयात देशी तेल तिलहन, देश के किसान और तेल उद्योग को सीधा चोट पहुंचा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, सोयाबीन और सूरजमुखी के अलावा कपास फसल की खेती का रकबा घटना सभी के लिए भारी चिंता का विषय होना चाहिए क्योंकि कपास से निकलने वाले बिनौले का खल बाकी तिलहनों के मुकाबले सबसे अधिक खल देता है। बिनौला खल देश के विशाल पशुपालन क्षेत्र के लिए खासा अहम है। सोयाबीन और सूरजमुखी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में पर्याप्त वृद्धि होने के बावजूद इसका रकबा घटना चिंताजनक है।

शुक्रवार को तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन - 5,000-5,100 (42 प्रतिशत कंडीशन का भाव) रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली - 6,605-6,665 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 16,530 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल 2,460-2,735 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 9,880 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 1,665 -1,745 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 1,665 -1,775 रुपये प्रति टिन।

तिल तेल मिल डिलिवरी - 18,900-21,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 10,150 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 9,850 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 8,550 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 8,400 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 9,100 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 9,450 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 8,550 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना - 5,215-5,280 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 4,980-5,045 रुपये प्रति क्विंटल।

मक्का खल (सरिस्का)- 4,010 रुपये प्रति क्विंटल।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)