जरुरी जानकारी | वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख, विदेशी पूंजी प्रवाह से सेंसेक्स 123 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 123 अंक चढ़ गया। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता को लेकर उम्मीद तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से वैश्विक बाजारों में बढ़त के बीच घरेलू बाजार में मजबूती रही।
मुंबई, 11 जून स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 123 अंक चढ़ गया। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता को लेकर उम्मीद तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से वैश्विक बाजारों में बढ़त के बीच घरेलू बाजार में मजबूती रही।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 123.42 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,515.14 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 391.79 अंक तक चढ़ गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी में छठे दिन भी तेजी रही और यह 37.15 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,141.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह नीचे में 25,084.30 तक आया और ऊंचे में 25,222.40 अंक तक गया।
छह कारोबारी सत्रों में निफ्टी 598 अंक यानी 2.42 प्रतिशत मजबूत हुआ है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि स्थिर शुरुआत के बाद निफ्टी कारोबार के पहले चरण में धीरे-धीरे ऊपर चढ़ा और 25,200 अंक के स्तर तक गया, लेकिन उस स्तर पर टिके रहने में विफल रहा।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स और इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, इंडसइंड बैंक, नेस्ले, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में उच्च मूल्यांकन के कारण छोटी एवं मझोली कंपनियों में मुनाफावसूली जारी है। हालांकि, संस्थागत निवेशकों द्वारा स्थिर आय परिदृश्य वाली कंपनियों को तरजीह दिए जाने के कारण बड़ी कंपनियों से जुड़े सूचकांकों को समर्थन मिल रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ वाहन और आईटी क्षेत्र पर जोर बना हुआ है। वाहन शेयरों में मासिक बिक्री में सुधार के कारण तेजी आ रही है, जबकि आईटी शेयरों को संभावित अमेरिका-चीन व्यापार समझौते को लेकर उम्मीद से लाभ मिल रहा है।’’
छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.06 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप 0.12 प्रतिशत नीचे आया।
बीएसई के 2,227 शेयर लाभ में रहे, जबकि 1,821 में गिरावट दर्ज की गयी। 132 शेयरों के भाव स्थिर रहे।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।
यूरोप के बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,301.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.43 प्रतिशत बढ़कर 67.16 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2025 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

